एलन मस्क की एंट्री से अमेरिका की राजनीति में बड़ा बदलाव संभव
अमेरिका की राजनीति में अब तक दो प्रमुख दल—रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक—का ही वर्चस्व रहा है, लेकिन एलन मस्क की नई ‘अमेरिका पार्टी’ की एंट्री से यह दोध्रुवीय व्यवस्था अब चुनौती के दौर में पहुंच गई है। मस्क ने स्पष्ट किया है कि वे राजनीति में डोनाल्ड ट्रंप को टक्कर देने के लिए आए हैं और जनता को तीसरा मजबूत विकल्प देना चाहते हैं। मस्क की लोकप्रियता, टेक्नोलॉजी क्षेत्र में पकड़, सोशल मीडिया पर व्यापक प्रभाव और अरबों डॉलर की संपत्ति उन्हें बेहद प्रभावशाली राजनीतिक खिलाड़ी बना सकती है।
2026 के मिड टर्म चुनावों में मस्क के उतरने की संभावना ने पहले ही हलचल मचा दी है। उनकी पार्टी दोनों पारंपरिक दलों—रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक—के वोट बैंक में सेंध लगा सकती है, खासकर युवाओं और तकनीक-प्रेमी वर्ग के बीच। हालांकि, सबसे अधिक नुकसान रिपब्लिकन पार्टी को हो सकता है क्योंकि मस्क के विचार और उनकी राइट-ऑफ-सेंटर पोजिशन रिपब्लिकन मतदाताओं को ज्यादा आकर्षित कर सकती है। अगर ऐसा हुआ, तो रिपब्लिकन वोटों में बंटवारा हो सकता है और इसका अप्रत्यक्ष फायदा डेमोक्रेटिक पार्टी को मिल सकता है।
By a factor of 2 to 1, you want a new political party and you shall have it!
When it comes to bankrupting our country with waste & graft, we live in a one-party system, not a democracy.
Today, the America Party is formed to give you back your freedom. https://t.co/9K8AD04QQN
— Elon Musk (@elonmusk) July 5, 2025
एलन मस्क और डोनाल्ड ट्रंप के बीच सार्वजनिक रूप से बढ़ते टकराव ने राजनीतिक समीकरणों को और उलझा दिया है। ट्रंप ने मस्क को उनकी कंपनियों की सरकारी सब्सिडी छीनने और डिपोर्ट करने तक की धमकी दे दी है, वहीं मस्क ट्रंप की नीतियों और खर्चीले कानूनों की आलोचना कर चुके हैं। इस टकराव का असर 2026 के साथ-साथ 2028 के राष्ट्रपति चुनाव में भी साफ दिखाई देगा, क्योंकि इससे रिपब्लिकन पार्टी के भीतर मतभेद गहराने की आशंका है।
मस्क की लोकप्रियता ट्रंप और बाइडेन दोनों से ज्यादा व्यापक हो सकती है—विशेषकर सोशल मीडिया, टेक्नोलॉजी और यंग जनरेशन में। उन्हें अपनी पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के लिए लगभग 1 बिलियन डॉलर की जरूरत होगी, जिसे जुटाना उनके लिए मुश्किल नहीं होगा। उनकी पार्टी अगर आगामी चुनावों में प्रभावशाली प्रदर्शन करती है तो यह अमेरिकी राजनीति में दशकों बाद पहली बार किसी तीसरी ताकत के उभरने का संकेत हो सकता है।
कुल मिलाकर, एलन मस्क की ‘अमेरिका पार्टी’ अमेरिका की राजनीतिक संरचना को न केवल चुनौती दे रही है, बल्कि रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक दोनों दलों को अपनी रणनीति पुनः तय करने के लिए मजबूर कर रही है। आने वाले चुनावों में यह तीसरा विकल्प सत्ता संतुलन को पूरी तरह बदल सकता है।