Skip to content
Wednesday, October 28, 2026 Ahmedabad 28°C

मोदी कैबिनेट में बदले विभाग: साइकिल से संसद आने वाले अर्जुन राम मेघवाल अब कानून मंत्री, किरेन रिजिजू देखेंगे भूविज्ञान

मोदी कैबिनेट में बदले विभाग: साइकिल से संसद आने वाले अर्जुन राम मेघवाल अब कानून मंत्री, किरेन रिजिजू देखेंगे भूविज्ञान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवारको अपनी कैबिनेट में बड़ा फेरबदल किया। कानून मंत्रालय सँभाल रहे किरेन रिजिजू को हटा दिया गया है। रिजिजू की जगह अब अर्जुन राम मेघवाल को कानून मंत्रालय का प्रभार सौंपा गया है। वहीं, रिजिजू को भू-विज्ञान मंत्रालय सौंपा गया है।

इस संबंध में राष्ट्रपति कार्यालय से विज्ञप्ति जारी की गई है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि प्रधानमंत्री की सलाह पर राष्ट्रपति ने यह फैसला लिया है। अर्जुन राम मेघवाल अपने वर्तमान पोर्टफोलियो के अलावा, कानून मंत्रालय के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) होंगे।

किरेन रिजिजू से पहले रविशंकर प्रसाद कानून मंत्री थे। जुलाई 2021 में रविशंकर प्रसाद से कानून मंत्रालय लेकर रिजिजू को सौंपा गया था। कानून एवं न्याय मंत्री के रूप में किरेन रिजिजू न्यायपालिका में कॉलेजियम सिस्टम के सख्त विरोधी थे। जजों की नियुक्ति को लेकर कई बार कानून मंत्रालय और सुप्रीम कोर्ट आमने-सामने आ गया था।

किरेन रिजिजू ने यहाँ तक कहा था कि देश में कोई किसी को चेतावनी नहीं दे सकता है। देश में सभी लोग संविधान के हिसाब से काम करते हैं। उन्होंने यहाँ तक कह दिया था कि मंत्रियों को चुनाव लड़ना पड़ता है, लेकिन जजों को चुनाव नहीं लड़ना पड़ता। बता दें कि साल 2015 में मोदी सरकार जजों की नियुक्ति के लिए नेशनल ज्यूडिशियल अपॉइंटमेंट कमीशन एक्ट (NJAC) लाई थी। हालाँकि, सुप्रीम कोर्ट ने इसे अवैध बताकर खारिज कर दिया था।

कैबिनेट में इस बदलाव के बाद किरेन रिजिजू ने ट्वीट कर अपनी प्रतिक्रिया दी है। रिजिजू ने कहा, “माननीय पीएम मोदी के मार्गदर्शन में केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री के रूप में सेवा करना सौभाग्य की बात रहा। मैं सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़, सुप्रीम कोर्ट के जजों, हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस और सभी लॉ अधिकारियों को हमारे नागरिकों के लिए कानूनी सेवाएँ प्रदान करने में भारी समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूँ।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए किरेन रिजिजू ने अपने ट्वीट में आगे कहा, “मैं पीएम मोदी के दृष्टिकोण को पूरा करने के लिए तत्पर हूँ। एक बीजेपी कार्यकर्ता के रूप में मैंने जिस उत्साह और जोश के साथ काम किया था, वैसे ही भू विज्ञान मंत्रालय में जिम्मादारी सँभालूँगा।”

 

Filed under India

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.