Skip to content
Friday, October 30, 2026 Ahmedabad 28°C

पाकिस्तानी ड्रोन ने फिर की घुसपैठ की कोशिश, बीएसएफ ने मार गिराया

पाकिस्तानी ड्रोन ने फिर की घुसपैठ की कोशिश, बीएसएफ ने मार गिराया

चंडीगढ़: पाकिस्तानी ड्रोन ने एक बार फिर सीमा पर से घुसपैठ की कोशिश की जिसे बीएसएफ के जवानों ने नाकाम कर दिया।अमृतसर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास पाकिस्तानी ड्रोन को भारतीय क्षेत्र में घुसने के बाद बीएसएफ ने मार गिराया। बीएसएफ के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। बीएसएफ प्रवक्ता ने बताया कि एक अलग घटना में सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने तरन तारन जिले में एक अन्य पाकिस्तानी ड्रोन द्वारा गिराई गई दो किलोग्राम से अधिक हेरोइन (मादक पदार्थ) जब्त की।

प्रवक्ता के मुताबिक, बुधवार रात नौ बजे बीएसएफ के जवानों ने अमृतसर में भैनी राजपुताना गांव के पास ड्रोन जैसी कुछ आवाज सुनी, जिसके बाद उन्होंने गालियां चलाईं। उन्होंने बताया कि बीएसएफ और पंजाब पुलिस द्वारा एक संयुक्त तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान, उन्हें गांव के बाहरी इलाके में राजताल-भारोपाल-डोके तिराहा से सटे एक खेत में ड्रोन क्षतिग्रस्त हालत में मिला। प्रवक्ता के अनुसार, बरामद ड्रोन डीजेआई मैट्रिस 300 आरटीके शृंखला का एक ‘क्वाडकॉप्टर’ है।

उन्होंने बताया कि ठीक उसी समय बीएसएफ जवानों ने तरन तारन में पाकिस्तान की ओर से एक ड्रोन को वान गांव के पास आते देखा और उसे रोकने की कोशिश की। प्रवक्ता के मुताबिक, कुछ देर बाद जवानों ने वान की ओर से आ रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को देखा और उसे रुकने का इशारा किया। हालांकि, मोटरसाइकिल सवार मारी कंबोके गांव की ओर भाग गया।

प्रवक्ता ने बताया कि बीएसएफ के जवानों ने मोटरसाइकिल का पीछा किया, लेकिन यह बाद में गांव में लावारिस मिली। प्रवक्ता ने बताया कि गांव की घेराबंदी की गई और तलाशी अभियान के दौरान एक पैकेट मिला, जिसमें से दो किलोग्राम से अधिक हेरोइन की खेप बरामद की गई। आशंका जताई जा रही है कि ड्रोन से गिराए जाने के बाद इस पैकेट को मोटरसाइकिल सवार को आपूर्ति के लिए ले जाना था।

Filed under India World

Share this story

Latest News

Other States

News from every corner of India.