Skip to content
Tuesday, October 27, 2026 Ahmedabad 32°C

मणिपुर में हंगामा, महिलाओं के साथ नीच हरकत करने वाले आरोपी का घर फूंका

मणिपुर में हंगामा, महिलाओं के साथ नीच हरकत करने वाले आरोपी का घर फूंका

मणिपुर में हिंसा भड़कने के बाद दो महिलाओं से सार्वजनिक बदसलूकी करने वाले मुख्य आरोपी के घर को उसी के गांव वालों ने आग के हवाले कर दिया है. मणिपुर के जिस वीडियो के वायरल हो जाने के बाद देशभर में इस घटना के खिलाफ गुस्सा था, वहीं अब आरोपी के खुद के समुदाय के लोग भी खुलकर आरोपियों की खिलाफत कर रहे हैं. महिला के साथ बर्बरता करने वाले मैतई समुदाय के लोग हैं और उसके घर को आग लगाने वाले भी उसी मेतई समुदाय के लोग हैं.

वायरल वीडियो में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर सरेआम उनके साथ दरिंदगी करने वालों में से चार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. इनमें से मुख्य आरोपी हुउरेम हेरोदास भी पुलिस के हत्थे चढ़ चुका है. जब हेरोदास के घर के आस-पड़ोस में रहने वालों को इसकी सूचना मिली तो वो उसके घर को जलाने के लिए पहुंच गए. जानकारी के मुताबिक आरोपी का घर नोंगपोक सेकमाई पुलिस स्टेशन के अधीन आने वाले इलाके में है, जहां गुरुवार की शाम को उसके पड़ोसियों की भीड़ इकट्ठा हो गई और उसके घर में आग लगा दी.

दो दिन पहले वायरल हुए वीडियो में हेरोदास दो महिलाओं के साथ हैवानियत करते हुए दिखाई दिया था. अब उसके घर को आग के हवाले करने वालों में भी ज्यादातर महिलाएं ही हैं. उन महिलाओं का कहना है कि भले ही वो मेतई समुदाय से हों, लेकिन इस तरह की हैवानियत का हरगिज भी समर्थन नहीं करती हैं.

3 मई को मेतई और कुकी समुदाय के बीच मणिपुर में दंगे भड़क गए थे. हिंसा में कई लोगों की मौत हुई. वहीं अगले दिन यानी 4 मई को मेतई समुदाय की भीड़ ने कुकी समुदाय की दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर पूरे गांव में घुमाया और उनके साथ बर्बरता की. दो महीने बाद इस हैवानियत का वीडियो जब वायरल हुआ तो देशभर में इसके प्रति गुस्सा दिखाई दिया. देशभर में बढ़ते आक्रोश के बाद इस मामले पर पुलिसिया कार्रवाई में भी तेजी आई और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.

Filed under Manipur

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.