Skip to content
Wednesday, October 28, 2026

हमास के आतंकियों ने भारतीय हिरोइन की बहन और बहनोई की हत्या की, मधुरा नायक ने बताया- बच्चों के सामने ही मार डाला

हमास के आतंकियों ने भारतीय हिरोइन की बहन और बहनोई की हत्या की, मधुरा नायक ने बताया- बच्चों के सामने ही मार डाला

हमास के आतंकी हमले में इजरायल में जो लोग मारे गए हैं उनमें भारतीय मूल की यहूदी टीवी एक्ट्रेस मधुरा नायक की बहन और बहनोई भी हैं। दोनों की उनके बच्चों के सामने ही बेरहमी से हत्या कर दी गई। टीवी सीरियल ‘नागिन’ से पहचान बनाने वाली मधुरा ने सोशल मीडिया पर अपने परिवार का दर्द साझा किया है।

उन्होंने पोस्ट कर बताया है कि इस बेरहम हत्या से उनका पूरा परिवार सदमे और दुख में है। उन्होंने बताया कि रविवार (8 अक्टूबर 2023) को उन्हें अपनी चचेरी बहन और उनके पति की हत्या की सूचना मिली थी।

 

कई डेली सोप ओपेरा में नेगेटिव रोल से भारतीय टीवी इंडस्ट्री में अपनी पहचान कायम कर चुकी मधुरा नायक ने बताया कि यह घटना 7 अक्टूबर की है। उन्होंने इंस्टा वीडियो में कहा है, “मैं, मधुरा नाइक, भारतीय मूल की यहूदी हूँ। अब भारत में हमारी संख्या केवल 3000 है। 7 अक्टूबर को हमने अपने परिवार से एक बेटी और एक बेटे को खो दिया। मेरी चचेरी बहन ओदाया और उसके पति की उनके दो बच्चों के सामने बेरहमी से हत्या कर दी गई। आज मुझे और मेरे परिवार को जिस दुख और दर्द की भावनाओं का सामना करना पड़ रहा है, उसे लफ्जों में बयाँ नहीं किया जा सकता है। आज तक, इजरायल दर्द में है। महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और कमजोरों को निशाना बनाया जा रहा है।”

इस दौरान मधुरा ने यह भी बताया कि फिलिस्तीन समर्थकों ने उन्हें उनकी एक अन्य पोस्ट पर बेइज्जत किया था। इन लोगों ने उन्हें यहूदी होने के वजह से जलील किया। उन्हें कोसा। एक्ट्रेस ने वीडियो में कहा, “अपना दर्द शेयर करने के लिए मैंने अपनी बहन और परिवार की एक फोटो पोस्ट की और यह देखकर हैरान रह गई कि फिलिस्तीन समर्थक दुष्प्रचार कितना गहरा है। यहूदी होने के वजह से मुझे अपमानित किया गया। आज मैं अपनी भावनाओं को आवाज देना चाहताी हूँ। अपने फॉलोवर्स, दोस्तों, शुभचिंतकों और उन लोगों से जिन्हें मैं प्यार करती हूँ, को ये सब बताना चाहती हूँ।”

दरअसल 9 अक्टूबर को मधुरा ने अपनी चचेरी बहन के फोटो के साथ लिखा था, “आतंकवादी हमले में अपनी प्यारी कजन को खोने से गहरे दुख में हूँ। उसकी गर्मजोशी, दयालुता और प्यार हमेशा याद रखा जाएगा। हमारी संवेदनाएँ और प्रार्थनाएँ उनके और सभी पीड़ितों के साथ है। उन्हें चिरशांति मिले। इस मुश्किल वक्त में हमारे और इजरायल के लोगों के साथ खड़े रहें। अब वक्त आ गया है कि लोग इन आतंकवादियों की वास्तविकता देखें और देखें कि वे कितने अमानवीय हो सकते हैं। ये बेहद हृदयविदारक है।”

गौरतलब है कि 7 अक्टूबर 2023 को इस्लामी आतंकवादी समूह हमास ने इजरायल पर अचानक हमला किया था। हमले में अब तक 1000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और 2,800 से अधिक लोग घायल हैं। हमास ने बड़ी संख्या में इजरायलियों को बंधक भी बनाया हुआ है। हमास ने इस हमले में एक जर्मन महिला को मार कर उसका नग्न शव गाजा की गलियों में प्रदर्शित किया था।

 

Filed under World India

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.