Skip to content
Saturday, October 31, 2026 Ahmedabad 24°C

आम आदमी पार्टी के विधायक ने अपनी ही सरकार पर उठाए सवाल, कहा – मैंने आप पर विश्वास किया और राजनीति का शिकार हो गया

आम आदमी पार्टी के विधायक ने अपनी ही सरकार पर उठाए सवाल, कहा – मैंने आप पर विश्वास किया और राजनीति का शिकार हो गया

पंजाब में आम आदमी पार्टी से जनता ही नहीं बल्कि इस पार्टी के विधायक तक अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। अमृतसर के उत्तरी विधानसभा क्षेत्र से विधायक व पूर्व आईपीएस अधिकारी डॉ. कुंवर विजय प्रताप सिंह ने अपनी ही सरकार पर सवाल उठाए हैं। सिंह ने मुख्यमंत्री भगवंत मान का पुराना वीडियो साझा करते हुए वादे के बावजूद बेअदबी के दोषियों पर कोई कार्रवाई न करने पर कठघरे में खड़ा किया है।

पोस्ट में विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह ने अपनी लड़ाई जारी रखने की भी बात कही। गुरुवार को डॉ. कुंवर विजय प्रताप ने अपने फेसबुक पेज पर मुख्यमंत्री भगवंत मान का पुराना वीडियो जारी किया, जब पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार नहीं थी। वीडियो में मुख्यमंत्री भगवंत मान, कुंवर विजय प्रताप सिंह की तारीफ करते हुए कहते हैं कि बेअदबी के मामले में इस अधिकारी ने जो साहस दिखाया है, वह कोई और नहीं दिखा सकता। वीडियो में उन्हें साफ कहते हुए देखा जा सकता है कि उनकी सरकार आने पर बेअदबी मामले के दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा, चाहे वे कोई भी हों।

इस वीडियो पर डॉ. कुंवर विजय प्रताप ने तंज कसते हुए कहा कि जब मैंने अप्रैल 2021 में आईपीएस पद से इस्तीफा दिया तो आपकी बातों पर विश्वास किया और राजनीति का शिकार हो गया। आज एसआईटी आपकी है, आज गृहमंत्री आप हैं। एसआईटी गवाहों को नकार रही है। उन्हें बार-बार बुलाया जा रहा है, आरोपियों को फायदा पहुंचाया जा रहा है। मैं निजी वकीलों के साथ अदालतों में केस चला रहा हूं। जान-बूझकर मेरा अपमान किया जा रहा है। आरोपी, सरकारी तंत्र पर हावी हो गए हैं। पंजाबियों को धोखा दिया गया, लेकिन अंतिम फैसला गुरु गोबिंद सिंह जी के दरबार में होना है। मेरी जंग जारी रहेगी, मैं हर यातना सहने को तैयार हूं।

Filed under India Punjab

Share this story

Latest News

Other States

News from every corner of India.