Skip to content
Tuesday, October 27, 2026 Ahmedabad 31°C

‘CBI ने बुलाया तब मैं गया… ED पूछताछ के बहाने गिरफ्तार करना चाहती है’, बोले अरविंद केजरीवाल

‘CBI ने बुलाया तब मैं गया… ED पूछताछ के बहाने गिरफ्तार करना चाहती है’, बोले अरविंद केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस की. इस दौरान उन्होंने हर उस सवाल का जवाब दिया, जो ईडी के तीन समन जारी होने के बाद लगातार पूछा जा रहा था. केजरीवाल ने बताया कि आखिर 3 समन जारी होने के बाद भी वे ईडी के सामने पेश क्यों नहीं हुए. उन्होंने ईडी के समन को गैरकानूनी करार देते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले जांच एजेंसी उन्हें गिरफ्तार करना चाहती है.

प्रेस कांफ्रेंस के दौरान केजरीवाल ने कहा,’शराब घोटाला… आपने पिछले दो साल में यह शब्द कई बार सुना होगा. लेकिन इन दो सालों में जांच के बाद भी कहीं से एक पैसा नहीं मिला. अगर घोटाला हुआ है तो पैस गए कहां. क्या पैसा हवा में गायब हो गया. आप के कई नेताओं को जेल में रखा गया है. अब बीजेपी झूठे आरोप लगाकर मुझे गिरफ्तार करना चाहती है. मुझे समन भेजे गए. मेरे वकीलों ने बताया कि ये समन गैरकानूनी हैं.’

पूछताछ नहीं, गिरफ्तारी है मकसद: केजरीवाल

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सवाल खड़े हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के पहले उन्हें समन क्यों भेजा गया है. उन्होंने कहा,’जांच को चलते हुए दो साल हो गए तो फिर लोकसभा चुनाव के पहले ही क्यों बुलाया जा रहा है. सीबीआई ने 8 महीने पहले बुलाया था. मैं गया भी था और जवाब भी दिए थे. अब लोकसभा चुनाव के पहले बुलाया जा रहा है तो उनका मकसद मुझसे पूछताछ करना नहीं है. वो लोग तो मुझे बुलाकर गिरफ्तार करना चाहते हैं. ताकि मैं प्रचार ना कर सकूं. नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल करने के लिए आज बीजेपी ईडी और सीबीआई का इस्तेमाल कर रही है.’

‘जो कुछ भी चल रहा है वह देश के लिए खतरनाक’

सीएम केजरीवाल ने आगे कहा कि मनीष सिसोदिया और संजय सिंह इसलिए जेल में नहीं है कि उन्होंने कोई भ्रष्टाचार किया है. बल्कि, वे तो इसलिए जेल में हैं क्योंकि उन्होंने बीजेपी में जाने से इनकार कर दिया. केजरीवाल ने आगे कहा कि इस तरह से देश आगे नहीं बढ़ सकता है. जो कुछ भी चल रहा है, वह जनतंत्र के लिए बहुत खतरनाक है.

ईडी केजरीवाल को जारी कर चुकी है तीन समन

दरअसल, ED दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को 3 समन जारी कर चुकी है, जिसमें उन्हें पूछताछ के लिए ईडी दफ्तर बुलाया गया था. हालांकि, तीनों समन मिलने के बाद भी अब तक केजरीवाल ईडी के सामने पेश नहीं हुए हैं. उन्होंने तीनों समन के जवाब में पत्र भेजकर ईडी को जवाब दिए हैं.

तो सवाल लिखकर भेज सकती है जांच एजेंसी

ईडी के लगातार समन जारी करने के बाद आम आदमी पार्टी दावा कर रही है कि ये सारी प्रक्रिया अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने के लिए की जा रही है. ईडी उन्हें पूछताछ के बहाने बुलाकर गिरफ्तार करना चाहती है. AAP का कहना है कि अगर ईडी को पूछताछ करनी है तो वह अपने सवाल लिखकर केजरीवाल को दे सकती है.

AAP के कई नेता कर चुके हैं गिरफ्तारी का दावा

बता दें कि बुधवार से ही आम आदमी पार्टी के नेताओं ने केजरीवाल की गिरफ्तारी की आशंका जाहिर करना शुरू कर दी थी. AAP नेताओं ने दावा किया था कि ईडी आज अरविंद केजरीवाल के आवास पर रेड मार सकती है और उनकी गिरफ्तारी भी कर सकती है. दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी, सौरभ भारद्वाज और राज्यसभा सांसद संदीप पाठक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दावा किया था कि केजरीवाल के घर आज ईडी की छापेमारी हो सकती है, जिसके बाद उन्हें अरेस्ट किया जा सकता है.

Filed under Delhi India

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.