Skip to content
Tuesday, October 27, 2026 Ahmedabad 34°C

PM मोदी आज पश्चिम बंगाल को देंगे 15000 करोड़ का तोहफा, नादिया में जनसभा को करेंगे संबोधित

PM मोदी आज पश्चिम बंगाल को देंगे 15000 करोड़ का तोहफा, नादिया में जनसभा को करेंगे संबोधित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पश्चिम बंगाल दौरे का आज दूसरा दिन है. आज (शनिवार) पीए मोदी बंगाल में 15 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इसके साथ ही नादिया में एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे. इससे पहले शुक्रवार दोपहर बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झारखंड का दौरा पूरा कर पश्चिम बंगाल पहुंचे. जहां उन्होंने हुगली में एक जनसभा को संबोधित किया. जिसमें उन्होंने टीएमसी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा. बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल का दौरा पूरा कर आज बिहार भी जाएंगे.

कृष्णानगर में करेंगे जनसभा को संबोधित

पीएम मोदी आज पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के कृष्णानगर में एक जनसभा को संबोधित करेंगे. इससे पहले वह यहां रेल, बिजली और सड़क क्षेत्रों से जुड़ी 15,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इन परियोजनाओं के जरिए राज्य में ऊर्जा क्षेत्र को मजबूती मिलेगी और परिवहन बुनियादी ढांचे में भी सुधार होगा. बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार (1 मार्च) को पश्चिम बंगाल पहुंचे थे. जहां उन्होंने हुगली के आरामबाग में एक जनसभा को संबोधित किया था. इसके बाद उन्होंने राजधानी कोलकाता के राजभवन में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मुलाकात की थी.

बंगाल के दौरे पर फिर जा सकते हैं पीएम मोदी

जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 मार्च (बुधवार) को एक बार फिर से बंगाल के दौरे पर जा सकते हैं. जहां वह नॉर्थ 24 परगना जिले के संदेशखाली का दौरा कर सकते हैं. इस दौरान पीएम मोदी यौन उत्पीड़न की शिकार महिलाओं से मुलाकात कर सकते हैं. बंगाल बीजेपी के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने गुरुवार को इस बारे में जानकारी दी थी. तब मजूमदार ने कहा था कि प्रधआनमंत्री नरेंद्र मोदी 6 मार्च को नॉर्थ 24 परगना जिले के बारासात में एक महिला रैली को संबोधित करेंगे. उन्होंने बताया कि अगर संदेशखाली की पीड़ित महिलाएं भी पीएम मोदी से मिलने की इच्छा जताएंगी, तो पार्टी इसका इंतजाम करेगी.

थर्मल पावर स्टेशन की रखेंगे आधारशिला

पीएम मोदी आज पुरुलिया जिले में स्थित दामोदर घाटी निगम के रघुनाथपुर थर्मल पावर स्टेशन के दूसरे चरण की आधारशिला रखेंगे। साथ ही प्रधानमंत्री मेजिया थर्मल पावर स्टेशन में 650 करोड़ रुपये की लागत से बनाए गए फ्लू गैस डिसल्फराइजेशन प्रणाली का भी उद्घाटन करेंगे। शुक्रवार को प्रधानमंत्री ने बंगाल के हुगली जिले के आरामबाग में 7200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया था। अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं।

इन विकास योजनाओं का करेंगे उद्घाटन और शिलान्यास

पीएम मोदी शनिवार को बंगाल में नेशनल हाइवे 12 के चार लेन के 100 किलोमीटर लंबे फरक्का-रानीगंज सेक्शन का उद्घाटन करेंगे। इस राजमार्ग के निर्माण में 1,986 करोड़ रुपये की लागत आई है। प्रधानमंत्री 940 करोड़ रुपये के चार रेल प्रोजेक्ट को भी देश को समर्पित करेंगे। इनके तहत दामोदर-मोहिशिला लाइन का दोहरीकरण किया गया है। बाजारसाउ-अजीमगंज रेल लाइन का भी दोहरीकरण किया गया है। वहीं अजीमगंज और मुर्शिदाबाद रूट पर नई लाइन बिछाई गई है।

Filed under West Bengal

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.