Skip to content
Friday, October 30, 2026 Ahmedabad 32°C

चोट के बाद अब ममता बनर्जी का स्वास्थ्य स्थिर, पीएम मोदी को कहा- “थैंक्यू”

चोट के बाद अब ममता बनर्जी का स्वास्थ्य स्थिर, पीएम मोदी को कहा- “थैंक्यू”

पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी गुरुवार शाम अपने कालीघाट स्थित आवास में गिर गई थीं, जिससे उनके माथे और नाक पर चोट आई थी. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई. ममता की कुशलता और शीघ्र ठीक होने की कामना करते हुए पीएम मोदी ने भी कल एक्स पर पोस्ट किया था. आज पीएम मोदी के इसी पोस्ट का जवाब ममता बनर्जी ने थैंक्यू करके दिया है. ममता की ओर से लिखा गया कि आपकी प्रार्थनाओं और शुभकामनाओं के लिए आभारी हूं, पीएम मोदी जी, धन्यवाद. ममता ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा और कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती को भी पोस्ट के लिए धन्यवाद दिया.

ममता का स्वास्थ्य स्थिर है…

बता दें कि ममता बनर्जी की स्वास्थ्य संबंधी स्थिति ‘‘स्थिर” है. राज्य प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. टीएमसी प्रमुख बनर्जी (69) बृहस्पतिवार शाम को कालीघाट स्थित अपने आवास में गिर गई थीं, जिसके कारण उनके माथे और नाक पर गंभीर चोट लग गई थी. इसके बाद उन्हें एक सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें कुछ टांके लगाए गए और उनकी चिकित्सकीय जांच की गई. बाद में चिकित्सकों ने उन्हें छुट्टी दे दी. अधिकारी ने बताया कि बनर्जी को रात में ‘‘अच्छी नींद” आई. उन्होंने शुक्रवार सुबह कहा, ‘‘मुख्यमंत्री का स्वास्थ्य स्थिर है. उन्हें रात में अच्छी नींद आई और वरिष्ठ चिकित्सकों ने इस दौरान उनकी स्थिति पर नजर रखी. उनके स्वास्थ्य की आज सुबह दोबारा जांच की जाएगी.”

माथे पर 3 और नाक पर आया है एक टांका

एसएसकेएम (सेठ सुखलाल करनानी मेमोरियल) अस्पताल के निदेशक मणिमोय बंद्योपाध्याय ने कहा, ‘‘उनके सिर पर चोट लगी थी और उनके माथे एवं नाक पर गहरी चोट थी जिससे काफी खून बह रहा था. शुरुआत में, हमारे संस्थान के न्यूरोसर्जरी (तंत्रिका शल्य चिकित्सा), मेडिसिन और हृदयरोग विज्ञान विभागों के वरिष्ठ चिकित्सकों ने उनकी जांच की और उनके अहम अंगों को स्थिर किया गया. उनके माथे पर तीन टांके लगाए गए और उनकी नाक पर एक टांका लगाया गया तथा आवश्यकतानुसार पट्टी की गई. ईसीजी, इकोकार्डियोग्राम, सीटी-स्कैन और डॉपलर जैसी जांचें की गईं.”

मुख्यमंत्री किसी के “धक्के के कारण” गिरीं

इस बीच एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मुख्यमंत्री के गिरने के संबंध में अभी कोई शिकायत दर्ज नहीं की है, लेकिन उसने बनर्जी के आवास और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है. अधिकारी ने एसएसकेएम अस्पताल के एक बुलेटिन का हवाला देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ‘‘किसी धक्के के कारण” गिर गईं, लेकिन उन्होंने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया कि पुलिस मुख्यमंत्री का बयान दर्ज करने या इस संबंध में स्वत: कोई शिकायत दर्ज करने की योजना बना रही है या नहीं.

उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री के गिरने के संबंध में फिलहाल कोई शिकायत दर्ज नहीं करायी गई है. हमने मुख्यमंत्री आवास के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है.” उन्होंने साथ ही कहा कि पुलिस यह पता लगा रही है कि सुरक्षा में कोई चूक हुई है या नहीं. बनर्जी को ‘जेड प्लस श्रेणी’ की सुरक्षा मिली हुई है और अधिकारियों का एक विशेष दल उनकी सुरक्षा और यहां तक कि उनके आवास की निगरानी करता है. टीएमसी ने बृहस्पतिवार शाम को कुछ तस्वीरें साझा की थीं, जिनमें बनर्जी के माथे से खून बहता दिख रहा था. पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया.

Filed under India

Share this story

Latest News

Other States

News from every corner of India.