Skip to content
Tuesday, October 27, 2026 Ahmedabad 34°C

“अगर 100 करोड़ का घोटाला हुआ, तो पैसा कहां गया” : कोर्ट में बोले अरविंद केजरीवाल

“अगर 100 करोड़ का घोटाला हुआ, तो पैसा कहां गया” : कोर्ट में बोले अरविंद केजरीवाल

दिल्ली शराब नीति मामले में सीएम अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) की ED रिमांड आज खत्म हो रही थी. ऐसे में ED ने सीएम केजरीवाल को राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया है. सीएम केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने कोर्ट में पेशी के दौरान अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि मैं ED के अधिकारियों और कर्मचारियों को धन्यवाद देना चाहता हूं. मैं उन्हें भी धन्यवाद करता हूं जिन्होंने सहयोग किया. उन्होंने आगे कहा कि 22 अगस्त 2022 को ED ने ECIR दर्ज किया, मुझको गिरफ्तार किया गया है, मुझे किसी कोर्ट में दोषी नहीं ठहराया गया है. ED अब तक 31 हज़ार पेज के दस्तावेज जमा कर चुकी है, मेरा सिर्फ 4 बयान में ज़िक्र आता है. ऐसे में मेरा सवाल ये है कि क्या सिर्फ ये बयान ही मुझको गिरफ्तार करने के लिए काफी हैं? इसपर कोर्ट ने केजरीवाल (Arvind Kejriwal) से पूछा कि ये सब आप लिखित में क्यों नहीं दे रहे हैं. अरविंद केजरीवाल ने जवाब दिया कि मैं कोर्ट में बोलना चाहता हूं.

अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने राघव मगुंटा के बयान का जिक्र किया. उन्होने कहा कि उनके 5 स्टेटमेंट होते हैं, वो वो बोलते हैं जो उन्होंने बोला. जब उनके पिताजी का बयान बदलते हैं, उसके बाद उन्हें रिकॉर्ड किया जाता है. ये जो 6 स्टेटमेंट्स हैं जिनमें वो मेरे बारे में नहीं बोलते हैं वो रिकॉर्ड पे नहीं लाया जाता है.

“मेरा नाम सातवें बयान के बाद जोड़ा गया”

केजरीवाल ने आगे कहा कि शरद रेड्डी ने जेल से निकलकर 55 करोड़ रुपये का चंदा बीजेपी को दिया. मनी ट्रेल साबित है.ऐसे में ये सब AAP को क्रश करना चाहते हैं और दूसरी तरफ एक्सटॉर्शन करते हैं. शरद रेड्डी ने 55 करोड़ का डोनेशन बीजेपी को दिया. मेरे पास सबूत हैं कि ये रैकेट चल रहा है. मनी ट्रेल स्थापित है. 7 बयान में से 6 बयान में मेरा नाम नहीं आया लेकिन जैसे ही 7 वें बयान में मेरा नाम लिया गया वैसे ही गवाह को छोड़ दिया गया. सिर्फ 4 बयानों के आधार पर एक सीएम को गिरफ्तार कर लिया जाएगा जबकि ईडी के पास मेरी बेगुनाही बताने वाले हजारों पन्ने मौजूद हैं.

“ED का मकसद सिर्फ AAP को खत्म करना है”

केजरीवाल ने आगे कहा कि यह कथित घोटाला 100 करोड़ का बताया जा रहा है. ऐसे में ये पैसे है कहां? दरअसल घोटाला तो ED की जांच के बाद शुरू होता है.केजरीवाल ने आगे कहा कि ED जितने दिन हमे रिमांड पर रखना चाहे वो हमे मंजूर है. मुझे पता है कि ED के दो मकसद थे. पहला AAP को खत्म करना और दूसरा एक स्मोकस्क्रीन क्रिएट करना और उसके पीछे जबरन वसूली रैकेट करना. जिसके जरिए वो पैसा इकट्ठा कर रहे हैं.

“केजरीवाल के रिश्वत मांगने के सबूत हैं हमारे पास”

केजरीवाल के तमाम दलीलों के बाद ED ने भी कोर्ट के समक्ष अपनी बात रखी. ED के वकील ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने घूस लिया और इसका इस्तेमाल गोवा के चुनाव में किया. हमारे पास इस बात के दस्तावेज मौजूद हैं कि हवाला रूट के जरिए इन पैसों का इस्तेमाल गोवा के चुनाव में किया गया. ED ने आगे कहा कि केजरीवाल ने बड़े-बड़े वकीलों को सुनवाई के लिए लगा रखा है यह सुविधा हर आदमी के पास नहीं होती है.अगर किसी पर दबाव बनाकर बयान लिया गया है तो यह ट्रॉयल से जुड़ा हुआ मामला है. हमारे पास इस बात के पक्के सबूत हैं कि अरविंद केजरीवाल ने 100 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगी.

Filed under India

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.