Skip to content
Tuesday, October 27, 2026 Ahmedabad 33°C

‘पूरी दुनिया ने देखा मोहम्मद शमी का कमाल’, अमरोहा की रैली में PM मोदी ने क्रिकेटर की जमकर की तारीफ

‘पूरी दुनिया ने देखा मोहम्मद शमी का कमाल’, अमरोहा की रैली में PM मोदी ने क्रिकेटर की जमकर की तारीफ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के अमरोहा में कंवर सिंह तंवर के समर्थन में एक चुनावी रैली को संबोधित किया. इस रैली में पीएम मोदी ने टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी का नाम लिया. उन्होंने कहा कि अमरोहा में सिर्फ ढोलक ही नहीं देश का डंका भी बजता है. मोहम्मद शमी का कमाल पूरी दुनिया ने देखा है. शानदार प्रदर्शन के कारण उन्हें अर्जुन अवार्ड भी दिया गया है.

विश्व कप में शमी ने झटके थे कुल 24 विकेट

पीएम मोदी ने कहा कि योगी जी यहां के युवा के लिए स्टेडियम बना रहे हैं. मैं अमरोहा के लोगों को बधाई देता हूं. बता दें कि शमी वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज हैं. पिछले साल भारत में हुए वर्ल्ड कप में ये कीर्तिमान अपने नाम किया. ये विश्व कप उनके लिए बेहद शानदार रहा था. इस दौरान उन्होंने कुल 24 विकेट अपने नाम किए थे. विश्व कप के इतिहास में उनके नाम टोटल 55 विकेट दर्ज हैं.

सपा ने नहीं किया अमरोहा का विकास

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सपा ने अमरोहा का विकास नहीं किया. हमें अमरोहा को बहुत आगे लेकर जाना है. अमरोहा की एक ही थाप है और वो है कमल छाप! आज पहले चरण का मतदान हो रहा है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के लिए आज बहुत बड़ा दिन है. ये लोकतंत्र के भविष्य का चुनाव है. पीएम मोदी ने अमरोहा की जनता से समृद्ध और विकसित भारत के लिए वोट करने की अपील की.

भाजपा बड़े विजन और लक्ष्यों के साथ आगे बढ़ रही

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे देश में पहले की सरकारें सामाजिक न्याय के नाम पर SC/ST और OBC को सिर्फ धोखा ही देती रही. भाजपा गांव, गरीब के लिए बड़े विजन और बड़े लक्ष्यों के साथ आगे बढ़ रही है. लेकिन INDI गठबंधन के लोगों की सारी शक्ति गांव, देहात को पिछड़ा बनाने में लगती है. इस मानसिकता का सबसे बड़ा नुकसान अमरोहा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश जैसे क्षेत्रों को उठाना पड़ा है.

कांग्रेस, सपा और बसपा…सब पर पीएम ने साधा निशाना

पीएम मोदी ने कहा कि अमरोहा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश का ये क्षेत्र अपने मेहनती किसानों के लिए भी जाना जाता है. कांग्रेस, सपा, बसपा सरकारों में यहां किसानों की समस्याओं को न सुना जाता था, न देखा जाता था और न ही उनकी परवाह की जाती थी. लेकिन भाजपा सरकार किसानों की समस्याओं को कम करने के लिए दिनरात काम कर रही है.

योगी जी ने की गन्ना किसानों की चिंता

योगी जी ने गन्ना किसानों की चिंता की. अमरोहा के गन्ना किसान कभी नहीं भूल सकते कि पहले उन्हें भुगतान के लिए कितना परेशान किया जाता था. लेकिन आज प्रदेश में गन्ने की रिकॉर्ड खरीद के साथ ही रिकॉर्ड भुगतान हो रहा है. जब सपा की सरकार थी, तो अमरोहा के गन्ना किसानों को साल में औसतन सिर्फ 500 करोड़ रुपये का भुगतान होता था. जबकि योगी जी की सरकार में यहां हर साल करीब 1.5 हजार करोड़ रुपये का भुगतान गन्ना किसानों को हुआ है.

अखिलेश-राहुल को बताया दो शहजादों की जोड़ी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यूपी में एक बार फिर दो शहजादों की जोड़ी की फिल्म की शूटिंग चल रही है, जिसका पहले ही रिजेक्शन हो चुका है. हर बार ये लोग परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की टोकरी उठाकर यूपी की जनता से वोट मांगने निकल पड़ते हैं. अपने इस अभियान में ये लोग हमारी आस्था पर हमला करने का कोई मौका नहीं छोड़ते.

Filed under Uttar Pradesh

Share this story

Latest News

Explore Districts

News from every corner of Gujarat.