Skip to content
Wednesday, October 28, 2026 Ahmedabad 25°C

तेलंगाना में चक्रवाती तूफान ‘रेमल’ का असर, भारी बारिश-आंधी में गई 13 लोगों की जान

तेलंगाना में चक्रवाती तूफान ‘रेमल’ का असर, भारी बारिश-आंधी में गई 13 लोगों की जान

बंगाल की खाड़ी में उठे भीषण चक्रवाती तूफान ‘रेमल’ का असर तेलंगाना में भी देखने को मिला। राज्य की राजधानी हैदराबाद समेत कई जिलों में रविवार रात तेज आंधी के साथ भारी बारिश ने कहर बरपाया। यहां आंधी-तूफान के साथ हुई बारिश में 13 लोगों की मौत हो गई। तेज हवाओं से पेड़ उखड़ गए, बिजली और संचार टावर क्षतिग्रस्त हो गए, यातायात और बिजली आपूर्ति बाधित हुई। अकेले नगरकुर्नूल जिले में 7 मौतें हुईं। हैदराबाद के विभिन्न हिस्सों से 4 और मेडक से 2 लोगों की मौत की खबर सामने आई।

निर्माणाधीन पोल्ट्री शेड गिरने से मौतें

तेज आंधी ने नागरकर्नूल, मेडक, रंगारेड्डी, मेडचल मल्काजगिरी और नलगोंडा जिलों में भारी विनाश किया। नगरकुर्नूल जिले के तंदूर गांव में एक निर्माणाधीन पोल्ट्री शेड गिरने से पिता-पुत्री समेत चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान किसान मल्लेश (38), उनकी बेटी अनुषा (12), मजदूर चेन्नम्मा (38) और रामुडु (36) के रूप में हुई। चार अन्य घायल हो गए। इसी जिले से तीन अन्य मौतें हुईं। इनमें से दो की मौत बिजली गिरने से हुई।

बाइक सवार दो लोगों पर पेड़ गिरा

हैदराबाद के बाहरी इलाके शमीरपेट में, मोटरसाइकिल पर जा रहे दो लोगों पर पेड़ गिर गया। इससे दोनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान धनंजय (44) और नागिरेड्डी रामी रेड्डी (56) के रूप में हुई। हैदराबाद के हाफिजपेट इलाके में मोहम्मद रशीद (45) और मोहम्मद समद (3) की उस समय मौत हो गई, जब तेज आंधी के कारण पड़ोसी घर की छत से उन पर ईंटें गिर गईं। आंधी के साथ बारिश ने महबूबनगर, जोगुलाम्बा-गडवाल, वानापर्थी, यदाद्री-भोंगीर, संगारेड्डी और विकाराबाद जिलों को भी प्रभावित किया। कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। ट्रांसमिशन और वितरण लाइनें टूट गईं। बिजली के तारों पर पेड़ की शाखाएं गिर गईं। खंभे क्षतिग्रस्त हो गए और उखड़ गए। कुछ स्थानों पर होर्डिंग्स व मोबाइल टावर सड़कों और घरों पर गिर गए।

Filed under India Telangana

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.