Skip to content
Saturday, October 31, 2026 Ahmedabad 25°C

कुवैत अग्निकांड में 42 भारतीयों की मौत, मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये देगी मोदी सरकार

कुवैत अग्निकांड में 42 भारतीयों की मौत, मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये देगी मोदी सरकार

कुवैत में विनाशकारी आग में अपनी जान गंवाने वाले भारतीयों के परिवारों के लिए भारत सरकार की तरफ से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक कुवैत अग्निकांड को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को एक समीक्षा बैठक की जिसमें आर्थिक सहायता देने का फैसला लिया गया।

घायलों में सबसे ज्यादा भारतीय

कुवैत अग्निकांड में अब तक 42 लोगों के मारे जाने की खबर सामने आई है। अधिकारियों के अनुसार, बुधवार तड़के दक्षिणी कुवैत के मंगफ इलाके में एक बहुमंजिला इमारत में आग लग गई, जिसमें कम से कम 49 लोगों की मौत हो गई, जिनमें ज्यादातर भारतीय थे। घायल 50 लोगों में भी अधिकांश भारतीय ही हैं।

विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कुवैत में आग त्रासदी पर दिल्ली में 7 लोक कल्याण मार्ग स्थित अपने आवास पर एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

भारत सरकार हर संभव सहायता करेगी

बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री ने मृत भारतीय नागरिकों के परिवारों को प्रधानमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री ने निर्देश दिया कि भारत सरकार को हर संभव सहायता प्रदान करनी चाहिए। इसमें कहा गया कि विदेश राज्य मंत्री को राहत उपायों की निगरानी करने और भारतीयों के शवों को स्वदेश लाने को लेकर कुवैत जाने का आदेश दिया है।

कुवैत में रहते हैं 10 लाख भारतीय

भरपूर तेल भंडार वाले इस देश में तकरीबन 10 लाख भारतीय रहते हैं जो वहां की आबादी का 21 प्रतिशत है। इनमें से नौ लाख भारतीय बतौर श्रमिक अपना योगदान देते हैं। पूर्व में कई बार कुवैत व दूसरे खाड़ी देशों में रहने वाले भारतीय श्रमिकों की खराब स्थिति का मामला सामने आता रहा है। कुवैत के अमीर शेख मेशाल अल-अहमद अल-जबर अल-सबाह ने अधिकारियों को अग्निकांड की जांच का आदेश दिया और कहा कि जिन लोगों के चलते यह त्रासदी हुई है, उन्हें जवाबदेह ठहराया जाएगा।

 

Filed under India

Share this story

Latest News

Other States

News from every corner of India.