Skip to content
Wednesday, October 28, 2026 Ahmedabad 30°C

हमने सदन में कल बचकाना हरकत देखी… राहुल गांधी का नाम लिए बिना PM मोदी का तंज

हमने सदन में कल बचकाना हरकत देखी… राहुल गांधी का नाम लिए बिना PM मोदी का तंज

18वीं लोकसभा के पहले सत्र का मंगलवार (2 जुलाई) को 7वां दिन है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण से जुड़े धन्यवाद प्रस्ताव पर लोकसभा में चर्चा का जवाब दे रहे हैं. पीएम मोदी जैसे ही बोलने के लिए खड़े हुए, विपक्षी सांसदों ने जोरदार हंगामा कर दिया. कुछ देर पीएम ने अपनी बात रखी, लेकिन विपक्ष ने फिर से जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी. ऐसे में कुछ सेकेंड के लिए पीएम मोदी ने अपना भाषण रोक दिया और सीट पर बैठ गए.

पीएम के संबोधन के बीच विपक्षी सांसद वेल में आकर नारेबाजी करने लगे. इसपर स्पीकर ओम बिरला भड़क गए. स्पीकर ने विपक्षी सांसदों को फटकार लगाई. उन्होंने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से कहा कि आपको 90 मिनट बोलने का मौका दिया. आप इतनी बड़ी पार्टी लेकर चल रहे हो, ऐसा नहीं चलता है. पांच साल ऐसे ही नहीं चलेगा.

पीएम मोदी ने अपने भाषण में एक वादा किया. उन्होंने कहा- “हम 3 करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाने का संकल्प लेकर चले हैं. हमारे तीसरे टर्म में 3 गुना स्पीड से काम करेंगे, 3 गुना शक्ति लगाएंगे, देशवासियों को 3 गुना परिणाम लाकर के देंगे.”

हमने सदन ने कल बचकाना हरकत देखी

पीएम मोदी ने राहुल गांधी का नाम लिए बिना तंज कसे. उन्होंने कहा, “आजकल सिम्पैथी गेन करने के लिए नई ड्रामेबाजी शुरू की गई है. नया खेल खेला जा रहा है. एक किस्सा सुनाता हूं. एक बच्चा स्कूल से आया और जोर-जोर से रोने लगा. उसकी मां भी डर गई क्या हो गया. वह कहने लगा मां मुझे स्कूल में मारा गया. आज उसने मारा, इसने मारा और रोने लगा. मां ने बात पूछी तो बता नहीं रहा था. बच्चा ये नहीं बता रहा था कि उस बच्चे ने किसी बच्चे को मां की गाली दी थी, किताबें फाड़ दी थी, टीचर को चोर कहा था, किसी का टिफिन चुराकर खा गया था. हमने कल सदन में यही बचकाना हरकत देखी है. कल यहां बालक बुद्धि का विलाप चल रहा था.”

99 सीटों के बहाने राहुल गांधी पर कसे तंज

पीएम मोदी ने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के 99 सीटें जीतने पर राहुल गांधी का नाम लिए बिना तंज कसा. उन्होंने कहा, “कोई छोटा बच्चा साइकिल लेकर निकला. वह गिर गया, रोने लगा तो कोई बड़ा आकर कहता है कि देखो चींटी मर गई, चिड़िया मर गई. ऐसा कहकर बड़े बच्चे का मन बहला देते है. आजकल बच्चे का मन बहलाने का काम चल रहा है.”

कांग्रेस को मिला विपक्ष में बैठने का जनादेश

पीएम मोदी ने कहा, “लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए भी इस देश की जनता ने जनादेश दिया है. ये जनादेश है- वहीं बैठो. विपक्ष में ही बैठो और तर्क खत्म हो जाए तो चीखते रहो चिल्लाते रहो. कांग्रेस के इतिहास का ये पहला मौका है जब लगातार तीन बार कांग्रेस सौ का आंकड़ा पार नहीं कर पाई है. कांग्रेस के इतिहास में ये तीसरी सबसे बड़ी हार है. तीसरा सबसे खराब प्रदर्शन है.”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “अच्छा होता कांग्रेस अपनी हार स्वीकार करती, जनता जनार्दन के आदेश को स्वीकार करती, आत्ममंथन करती. लेकिन ये तो शीर्षासन करने में लगे हैं. ये दिन-रात नागरिकों के मन में यह स्थापित करने में लगे हैं कि जनता ने हमें हरा दिया है. आजकल बच्चे का मन बहलाने का काम चल रहा है और कांग्रेस के लोग, उनका इकोसिस्टम ये मन बहलाने का काम कर रहा है.”

2024 से कांग्रेस बन गई परजीवी

पीएम मोदी ने कहा, “मैं कांग्रेस के लोगों को कहूंगा कि जनादेश को फर्जी जीत के जश्न में मत दबाओ. फर्जी जीत के नशे में मत डुबाओ. ईमानदारी से जनादेश को समझने की कोशिश करो, उसे स्वीकार करो. मुझे नहीं पता कि कांग्रेस के जो साथी दल हैं, उन्होंने इस चुनाव का विश्लेषण किया है कि नहीं किया है. ये चुनाव इन साथियों के लिए भी एक संदेश है. अब कांग्रेस पार्टी 2024 से एक परजीवी कांग्रेस के रूप में जानी जाएगी. 2024 से जो कांग्रेस है, वो परजीवी कांग्रेस है और परजीवी वो होता है जो जिस शरीर के साथ रहता है, उसी को ही खाता है. कांग्रेस भी जिस पार्टी के साथ गठबंधन करती है, उसी के वोट खा जाती है और अपनी सहयोगी पार्टी की कीमत पर वो फलती-फूलती है और इसीलिए कांग्रेस, परजीवी कांग्रेस बन चुकी है.”

जनता ने तीसरी बार दिया सेवा करने का मौका

मोदी ने कहा, “विश्व का सबसे चुनावी अभियान और इसमें हमें देश की जनता ने तीसरी बार सेवा करने का मौका दिया है. यह विश्व के लिए बहुत ही गौरवपूर्ण घटना है. हमें हम कसौटी पर कसने के बाद देश की जनता ने ये जनादेश दिया है. जनता ने देखा कि गरीबों के कल्याण के लिए हमने जिस समर्पण भाव से काम किया, उसके कारण 10 साल में 30 करोड़ गरीबी से निकले. इतने कम समय में इतने लोगों को गरीबी से बाहर निकलना हमारे लिए आशीर्वाद का कारण बना.”

जनता ने देखा हमारे 10 साल का ट्रैक रिकॉर्ड

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए कहा,”जनता ने हमारी 10 साल की सरकार का ट्रैक रिकॉर्ड देखा है. हमने जनसेवा ही ईश्वर सेवा को मंत्र बनाकर काम किया. देश ने हमें भ्रष्टाचार को लेकर जो जीरो टॉलरेंस नीति है, उसके लिए आशीर्वाद दिया है. आज विश्व में भारत का गौरव हो रहा है. दुनिया में साख बढ़ी है.”

हमारा एकमात्र लक्ष्य नेशन फर्स्ट

पीएम मोदी ने कहा, “भारत को देखने का गौरवपूर्ण नजरिया भी हर भारतवासी अनुभव कर रहा है. हमारा एकमात्र लक्ष्य नेशन फर्स्ट है. भारत सर्वप्रथम है. हमारी हर नीति, हर निर्णय, हर कार्य का एक ही तराजू रहा है- भारत प्रथम. भारत प्रथम की भावना के साथ जो जरूरी रिफॉर्म थे, उनको भी लगातार जारी रखा है. 10 साल में हमारी सरकार सबका साथ, सबका विकास के मंत्र को लेकर के सबका कल्याण करने का प्रयास करती रही है.”

हमने तुष्टिकरण नहीं, संतुष्टिकरण किया

पीएम मोदी ने कहा, “इस देश ने लंबे अरसे तक तुष्टिकरण की राजनीति भी देखी और तुष्टिकरण की गवर्नेंस का मॉडल भी देखा. देश ने पहली बार सेक्यूलरिज्म का एक पूरा, हमने तुष्टिकरण नहीं, संतुष्टिकरण के विचार को लेकर चले हैं. जब हम संतुष्टिकरण की बात करते हैं तो इसका मतलब है कि आखिरी व्यक्ति तक लाभ पहुंचे. जब हम सैचुरेशन के सिद्धांत की बात करते हैं तो ये सच्चे अर्थ में सामाजिक न्याय और सेक्यूलरिज्म होता है. इस पर देश की जनता ने हमें तीसरी बार बैठाकर मुहर लगा दी है. अपीजमेंट ने देश को तबाह करके रखा है. हम जस्टिस टू ऑल, अपीजमेंट टू नन का सिद्धांत लेकर चले हैं.हमारी नीति और नीयत पर पर लोगों ने भरोसा किया.”

कुछ लोगों की पीड़ा समझ सकता हूं

पीएम मोदी ने कहा, “हमने दुनिया को दिखा दिया कि ये विश्व का सबसे बड़ा चुनावी अभियान था. देश की जनता ने दुनिया के सबसे बड़े चुनावी अभियान ने हमें चुना है. मैं कुछ लोगों की पीड़ा समझ सकता हूं कि लगातार झूठ चलाने के बावजूद उनकी घोर पराजय हुई.”

BJP ने कांग्रेस पर किया पलटवार

इस दौरान BJP ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसने लोकसभा चुनाव में भय फैलाने और भ्रम की राजनीति की. संसद पर हमले के दोषी का समर्थन करने वालों को टिकट दिया. BJP ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने ऐसे लोगों को टिकट दिया, जिन्होंने देश के प्रधानमंत्री को लेकर गलत बयानबाजी की थी.

Filed under India

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.