Skip to content
Tuesday, October 27, 2026 Ahmedabad 35°C

उपचुनाव को लेकर सीएम हाउस में बीजेपी की बड़ी बैठक, प्रदेश अध्यक्ष ने योगी के नेतृत्व में चुनाव लड़ने का किया एलान

उपचुनाव को लेकर सीएम हाउस में बीजेपी की बड़ी बैठक, प्रदेश अध्यक्ष ने योगी के नेतृत्व में चुनाव लड़ने का किया एलान

उत्तर प्रदेश में विधानसभा उपचुनाव को लेकर तारीखों का एलान होते ही सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी में हलचल तेज हो गई है. लगातार बैठकों का दौर जारी है. शनिवार को भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास पर महत्वपूर्ण बैठक हुई. इस बैठक प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी के साथ चुनाव वाले जिलों के प्रभारी मंत्री भी शामिल थे. इस बैठक में प्रत्याशियों के चयन से लेकर चुनावी रणनीति बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक से निकले मंत्रियों से प्रत्याशियों की घोषणा के संबंध में बताया कि, कैंडिडेट के नामों की सूची केंद्रीय नेतृत्व शीघ्र ही जारी करेगा. वहीं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने कहा कि हम मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे और सभी नौ सीटों पर जीत भी हासिल करेंगे.

वहीं कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कहा कि, उपचुनाव को लेकर हमारी तैयारी पूरी है और हम विपक्ष को सभी सीटों पर पराजित करेंगे. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने कहा है कि सरकार की योजनाओं को ज्यादा से ज्यादा लोगों को बताना चाहिए. हमारी सरकार हर गरीब किसान और आम आदमी के हित में काम कर रही है और हम अपनी नीतियों के बल पर ही उप चुनाव में जीत हासिल करेंगे. डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश के समग्र विकास के नाम पर हम वोट मांगेंगे और हमें पूरी उम्मीद है कि जनता अपना समर्थन भी हमें देगी. उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर हिस्से में हमारी सरकार ने विकास के काम कराएं हैं. इतने काम विरोधी दलों की सरकारों में कभी भी नहीं किए गए हैं.

बता दें कि, प्रदेश की नौ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं.‌ इनमें फूलपुर, गाजियाबाद, मझवां, खैर, मीरापुर, सीसामऊ, कटेहरी, करहल और कुंदरकी विधानसभा सीटें शामिल हैं, जबकि मिल्कीपुर का उपचुनाव टल गया है, क्योंकि इस सीट पर 2022 के चुनाव का एक मुकदमा लंबित था, जिसके कारण चुनाव आयोग ने यहां का फैसला बाद में करने की बात कही है. हालांकि हाईकोर्ट में याचिका दायर करने वाले पूर्व विधायक गोरखनाथ ने याचिका वापस करने की अर्जी डाली थी, लेकिन इस पर सुनवाई फिलहाल टल गई है. अब फैसला आने के बाद ही पता चलेगा कि इस सीट पर चुनाव कब होगा.

वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने बीजेपी की सदस्यता का नवीनीकरण करते हुए फिर से सक्रिय सदस्य बन गए हैं. सीएम योगी ने यह नवीनीकरण भाजपा के ‘सक्रिय सदस्यता अभियान’ के तहत किया है, जिसे पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से प्रेरित होकर आरंभ किया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही दोनों उप मुख्यमंत्रियों ने इस अभियान में शामिल होकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की है. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि, वह विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल के सदस्य के रूप में गर्व महसूस कर रहे हैं.

 

Filed under Uttar Pradesh

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.