Skip to content
Sunday, November 8, 2026 Ahmedabad 36°C

जनगणना 2027: पहले चरण के लिए 33 सवाल तय, अप्रैल से सितंबर के बीच होगी हाउस-लिस्टिंग

जनगणना 2027: पहले चरण के लिए 33 सवाल तय, अप्रैल से सितंबर के बीच होगी हाउस-लिस्टिंग

केंद्र सरकार ने गुरुवार (22 जनवरी 2026) को जनगणना 2027 के पहले चरण में पूछे जाने वाले 33 सवालों की आधिकारिक सूची जारी कर दी है। जनगणना का यह पहला चरण हाउस-लिस्टिंग और हाउसिंग जनगणना के रूप में आयोजित किया जाएगा, जो अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच पूरा होगा। इस चरण के लिए हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश 1 अप्रैल से 30 सितंबर के बीच किसी भी 30 दिनों की अवधि का चयन करेगा।

भारत के रजिस्ट्रार जनरल मृत्युंजय कुमार नारायण द्वारा जारी राजपत्र अधिसूचना में इन सभी सवालों का विस्तृत ब्योरा दिया गया है। इसमें मकान की बनावट, उपयोग और स्थिति के साथ-साथ घर में रहने वाले लोगों और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी जानकारियाँ शामिल हैं।

अधिसूचना के अनुसार, सभी जनगणना अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भारत की जनगणना 2027 के तहत हाउसहोल्ड लिस्टिंग और हाउसिंग जनगणना अनुसूची के माध्यम से निर्धारित सभी बिंदुओं पर जानकारी एकत्र करेंगे। सर्वे की शुरुआत भवन संख्या (नगरपालिका/स्थानीय प्राधिकरण या जनगणना संख्या), जनगणना मकान संख्या, मकान के फर्श, दीवार और छत की प्रमुख सामग्री, मकान के उपयोग, उसकी स्थिति और घरेलू संख्या से होगी।

इसके बाद घर में सामान्य रूप से रहने वाले कुल व्यक्तियों की संख्या, परिवार के मुखिया का नाम और लिंग, मुखिया का सामाजिक वर्ग (अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/अन्य), मकान का स्वामित्व, परिवार के पास उपलब्ध कमरों की संख्या और घर में रहने वाले विवाहित जोड़ों की संख्या से संबंधित जानकारी ली जाएगी।

जनगणना के इस चरण में बुनियादी सुविधाओं पर विशेष जोर दिया गया है। इसके तहत पीने के पानी का मुख्य स्रोत और उसकी उपलब्धता, रोशनी का स्रोत, शौचालय की सुविधा और उसका प्रकार, गंदे पानी की निकासी, स्नान की सुविधा, रसोई और एलपीजी/पीएनजी कनेक्शन की उपलब्धता तथा खाना पकाने के लिए इस्तेमाल होने वाले मुख्य ईंधन के बारे में सवाल पूछे जाएंगे।

इसके अलावा घर में मौजूद संसाधनों और सुविधाओं जैसे रेडियो/ट्रांजिस्टर, टेलीविजन, इंटरनेट, लैपटॉप या कंप्यूटर, टेलीफोन/मोबाइल/स्मार्टफोन, साइकिल, स्कूटर, मोटरसाइकिल, मोपेड, कार, जीप या वैन की जानकारी भी दर्ज की जाएगी। साथ ही घर में खाए जाने वाले मुख्य अनाज और केवल जनगणना से संबंधित संपर्क के लिए मोबाइल नंबर भी लिया जाएगा।

करीब 11,718 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से होने वाली यह विशाल जनगणना दो चरणों में पूरी की जाएगी। पहला चरण अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच हाउस-लिस्टिंग और हाउसिंग जनगणना का होगा, जबकि दूसरा चरण फरवरी 2027 में जनसंख्या गणना के रूप में आयोजित किया जाएगा।

हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे

Like, Share and Subscribe our YouTube channel

🔗 https://www.youtube.com/@oneindianewscom

🔗 https://www.youtube.com/@oneindianewscom-Gujarat

Filed under India

Share this story

Latest News

Other States

News from every corner of India.