अमेरिका के पूर्व उप विदेश मंत्री कर्ट एम कैंपबेल ने भारत-अमेरिका संबंधों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका के रणनीतिक हित पूरी तरह भारत के साथ जुड़े हैं, न कि पाकिस्तान के साथ।
Hudson Institute में बोलते हुए कैंपबेल ने कहा, “अमेरिका का भविष्य भारत के साथ है और पाकिस्तान इसके आसपास भी नहीं है।” हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि भारत-अमेरिका संबंधों में मौजूदा समय में कुछ चुनौतियाँ सामने आई हैं और इन रिश्तों की मजबूती के लिए आपसी सम्मान बेहद जरूरी है।
इस दौरान राम माधव ने भारत की रणनीतिक स्वायत्तता का जिक्र करते हुए कहा कि आज दुनिया वही नीति अपना रही है, जिसका भारत पहले से पालन कर रहा था। उन्होंने कहा कि वैश्विक कूटनीति में सम्मान और संवेदनशीलता अहम भूमिका निभाते हैं।
कैंपबेल ने ‘क्वाड’ (QUAD) में भारत की भूमिका को निर्णायक बताया। उन्होंने कहा कि इस समूह को आगे बढ़ाने में भारत ने पर्दे के पीछे अहम नेतृत्व किया है। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल (LAC) पर तनाव के दौरान अमेरिका ने भारत को महत्वपूर्ण खुफिया जानकारी और सहयोग प्रदान किया था।
उन्होंने बताया कि जो बाइडन ने व्यक्तिगत स्तर पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को QUAD में सक्रिय नेतृत्व के लिए प्रेरित किया था।
रिपोर्ट के अनुसार, अप्रैल 2025 में पहलगाम हमले के बाद भारत द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद भारत-अमेरिका संबंधों में नए बदलाव देखने को मिले। इस दौरान डोनाल्ड ट्रंप द्वारा युद्धविराम का श्रेय लेने की कोशिश को भारत ने खारिज कर दिया, जबकि पाकिस्तान ने इसे स्वीकार किया।
कैंपबेल के इस बयान को भारत-अमेरिका संबंधों के भविष्य और वैश्विक रणनीतिक संतुलन के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel