पश्चिम बंगाल के दमदम में चुनावी रैली के दौरान नरेंद्र मोदी ने RG कर मेडिकल कॉलेज घटना को लेकर तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला।
रैली के दौरान प्रधानमंत्री मंच पर RG कर पीड़िता की माँ रत्ना देबनाथ के साथ नजर आए, जिन्हें भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पनिहाटी सीट से उम्मीदवार बनाया है। पीएम मोदी ने भावुक होते हुए कहा कि एक माँ ने अपनी बेटी को डॉक्टर बनाने के लिए कड़ी मेहनत की, लेकिन “जंगलराज” ने उससे उसकी बेटी छीन ली।
उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल रही है और न्याय की मांग करने वालों की आवाज दबाई जा रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने संदेशखाली की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि TMC महिलाओं को आगे बढ़ने से रोकती है और उन्हें घर से बाहर न निकलने की सलाह देती है। उन्होंने वादा किया कि 4 मई को अगर BJP की सरकार बनती है, तो महिलाओं के खिलाफ हुए सभी अत्याचारों की फाइलें खोली जाएंगी और दोषियों को सख्त सजा दी जाएगी।
उन्होंने जोर देकर कहा कि BJP बंगाल की बेटियों के सपनों को कुचलने नहीं देगी और महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल चुनाव में महिला मतदाता निर्णायक भूमिका निभाती हैं, ऐसे में महिला सुरक्षा का मुद्दा इस बार चुनावी राजनीति का केंद्र बनता नजर आ रहा है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel