हरियाणा के नूंह जिले में कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें 4 पुलिसकर्मियों समेत कुल 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा धुलावट टोल प्लाजा के पास करीब सुबह 10:30 बजे हुआ, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, एक स्कॉर्पियो कार पलवल की ओर जा रही थी, तभी ओवरटेक करने के प्रयास में वाहन का संतुलन बिगड़ गया और सामने चल रही गाड़ी से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा अचानक हुआ और कुछ ही सेकंड में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
पुलिस के अनुसार, मृतकों में उत्तर प्रदेश पुलिस के जवान भी शामिल हैं, जो जालौन जिले में तैनात थे। घटना की जानकारी जालौन पुलिस अधीक्षक को दे दी गई है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। शवों को काफी मशक्कत के बाद वाहन से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए नलहड़ व सिविल अस्पताल भेजा गया।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और ओवरटेक के दौरान नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और लोगों से अपील की है कि एक्सप्रेसवे पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel