कोलकाता के प्रतिष्ठित न्यू मार्केट इलाके में मंगलवार (5 मई 2026) की रात उस समय तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई, जब लोगों की भारी भीड़ ने बुलडोजर चलाकर TMC के एक यूनियन ऑफिस को जमींदोज कर दिया। स्थानीय लोगों का दावा है कि यह दफ्तर अवैध रूप से कब्जाई गई जमीन पर बना था, जिसे एक दुकानदार से जबरन छीना गया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चुनावी नतीजों के बाद माहौल गरम था और लंबे समय से नाराज लोग अचानक एकजुट होकर बुलडोजर लेकर पहुंचे और ऑफिस को ढहा दिया। मौके पर मौजूद कई लोगों ने इस कार्रवाई को “जनता का इंसाफ” बताया।
इस घटना के बाद न्यू मार्केट क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। हॉग मार्केट के आसपास दुकानदारों ने डर के चलते तुरंत अपनी दुकानें बंद कर दीं। हालात को नियंत्रण में लाने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और इलाके में लगातार गश्त की जा रही है।
इसी बीच राज्य के अन्य हिस्सों से भी हिंसा की खबरें सामने आई हैं। न्यू टाउन में BJP कार्यकर्ता मधु मंडल की कथित तौर पर TMC समर्थकों द्वारा पिटाई के बाद मौत हो गई। इसके अलावा कई स्थानों पर BJP कार्यकर्ताओं के घरों में तोड़फोड़ और हमले की घटनाएं भी सामने आई हैं।
हावड़ा में भी एक अन्य कार्यकर्ता की मौत की सूचना है, जहां पीड़ित की पत्नी ने TMC समर्थकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, उत्तर 24 परगना के संदेशखाली इलाके में स्थिति और भी गंभीर हो गई, जब बामन घेरी क्षेत्र में गश्त कर रही पुलिस और केंद्रीय बलों की टीम पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। इस हमले में थाना प्रभारी, एक महिला अधिकारी और CRPF के जवानों समेत कुल पांच लोग घायल हुए हैं, जिन्हें कोलकाता के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए TMC नेताओं ने न्यू मार्केट में हुए बुलडोजर एक्शन को गैरकानूनी और दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। वहीं, चुनाव आयोग ने राज्य में बढ़ती हिंसा को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
पुलिस ने साफ किया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel