अमेरिका और नाइजीरिया की संयुक्त सेना ने एक बड़े और गुप्त ऑपरेशन में आतंकी संगठन ISIS के दूसरे सबसे बड़े कमांडर अबू बिलाल अल-मिनुकी को मार गिराया है। इस ऑपरेशन को आतंकवाद के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया के जरिए इस कार्रवाई की जानकारी दी और इसे एक जटिल और बेहद खुफिया मिशन बताया। उन्होंने इस ऑपरेशन के लिए नाइजीरिया सरकार और सेना का आभार भी जताया।
कौन था अबू बिलाल अल-मिनुकी?
अबू बिलाल अल-मिनुकी को ISIS का सबसे सक्रिय और खतरनाक कमांडर माना जाता था। वह संगठन के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फंडिंग जुटाने और आतंकी गतिविधियों को आर्थिक रूप से मजबूत करने का काम करता था।
अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, अल-मिनुकी अमेरिका और उसके नागरिकों के खिलाफ बड़े हमलों की साजिश रच रहा था। साल 2023 में अमेरिका ने उसे वैश्विक आतंकी घोषित किया था।

कैसे हुआ ऑपरेशन?
जानकारी के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को अफ्रीका में उसके छिपे होने की पक्की जानकारी मिली थी। इसके बाद अमेरिका और नाइजीरिया की सेना ने मिलकर एक संयुक्त ऑपरेशन चलाया और उसे मार गिराया।
क्या होगा असर?
विशेषज्ञों का मानना है कि अल-मिनुकी की मौत से ISIS के नेटवर्क को बड़ा झटका लगेगा, खासकर अफ्रीका क्षेत्र में उसकी गतिविधियों पर असर पड़ेगा। हालांकि, आतंकी संगठन की ओर से इस कार्रवाई पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel