महाराष्ट्र के नागपुर में एक मदरसे से जुड़े यौन उत्पीड़न के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस के मुताबिक, बिहार निवासी 26 वर्षीय आरोपित अताय रसूल उर्फ तनीफ पर आरोप है कि उसने मदरसे में रहकर तालीम हासिल कर रहे 14 वर्षीय नाबालिग छात्र के साथ यौन उत्पीड़न किया। आरोपित फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है।
यह मामला नागपुर के सक्करदरा थाना क्षेत्र के ताज बाग इलाके स्थित दारुल मुरुल ताज मदरसा का है। पुलिस को 20 जून 2026 को सूचना मिली थी कि मदरसे में रहने वाले एक छात्र के साथ अप्राकृतिक यौन शोषण किया गया है। शिकायत के बाद पुलिस और बाल संरक्षण विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मदरसे में रह रहे बच्चों की स्थिति की जाँच शुरू की।
जाँच के दौरान सामने आया कि आरोपित मदरसे से जुड़े एक मौलाना का दोस्त था और अक्सर वहाँ आता-जाता था। इसी दौरान उसने 14 वर्षीय छात्र को निशाना बनाया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पीड़ित बच्चे की मेडिकल जाँच में भी आरोपों से जुड़े संकेत मिले हैं। पुलिस जाँच कर रही है कि कहीं अन्य बच्चों के साथ भी इस तरह की घटना तो नहीं हुई है।
अधिकारी ने बताया कि बच्चों को एक छोटे कमरे में रखा गया था जिसकी हालत काफी खराब थी।
उन्होंने कहा, “ऐसे और भी मदरसे हैं। ये सही मायनों में मदरसे नहीं हैं। एक छोटे से कमरे में आठ से 10 बच्चों को रखा गया था। ऐसा लगता है कि सरकार की ‘मदरसा आधुनिकीकरण’ योजना का भी दुरुपयोग किया जा रहा है और कुछ अधिकारी इसमें शामिल हैं।”
उन्होंने कहा कि छह महीने पहले आयोग ने राज्य के सभी मदरसा प्रतिनिधियों के साथ बैठक की थी और उन्हें बाहरी बच्चों को लाने से मना किया था।
खान ने कहा, “अगर माता-पिता अपने बच्चों को लाते हैं और आप उन्हें शिक्षा देते हैं, तो वह अलग बात है। लेकिन बच्चों को लाकर उनके नाम पर चंदा इकट्ठा करना और उनका शोषण करना अपराध है। ऐसे मदरसों के खिलाफ हम सख्त कार्रवाई कर रहे हैं।”
अधिकारी ने कहा, इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद एहतियात के तौर पर मदरसे में रह रहे 10 से 17 वर्ष आयु वर्ग के 10 बच्चों को वहाँ से निकालकर संरक्षण में लिया गया और स्थानीय बालगृह भेजा गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इनमें कई बच्चे बिहार के रहने वाले हैं। सक्करदरा पुलिस आरोपित के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत FIR दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel