दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित ISI प्रायोजित अंतरराज्यीय आतंकी और हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें तीन आरोपियों को पंजाब से और एक आरोपी को दिल्ली से पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, यह नेटवर्क पाकिस्तान में बैठे ISI हैंडलर शहजाद भट्टी के निर्देश पर काम कर रहा था और दिल्ली में आतंकी वारदात की साजिश रची जा रही थी।
स्पेशल सेल ने आरोपियों के कब्जे से दो विदेशी पिस्तौल, जिनमें एक Zigana और एक .30 बोर पिस्तौल शामिल बताई जा रही है, 9 जिंदा कारतूस और 5 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी विदेशी मोबाइल नंबरों के जरिए पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों से संपर्क में थे, ताकि सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी से बचा जा सके।
जांच एजेंसियों के अनुसार, पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार और नशीले पदार्थ भारत में मंगाए जा रहे थे। मुख्य आरोपी शुभदीप सिंह पहले भी NDPS मामले में पंजाब पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, गुरजंत सिंह और साजन सिंह भी पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार और नशे की खेप मंगाने के नेटवर्क से जुड़े बताए जा रहे हैं। साजन सिंह भी पहले NDPS केस में गिरफ्तार हो चुका है।
इस मामले में चौथे आरोपी गगनप्रीत को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, गगनप्रीत को दिल्ली के धार्मिक स्थलों, पुलिस थानों और पुलिस पिकेट की रेकी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इतना ही नहीं, उसे दिल्ली में पुलिस प्रतिष्ठानों पर फायरिंग जैसी वारदात को अंजाम देने का टास्क भी दिया गया था।
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने तकनीकी सर्विलांस, मोबाइल डेटा और कई राज्यों में छापेमारी के बाद इस पूरे मॉड्यूल का खुलासा किया। पुलिस का दावा है कि समय रहते कार्रवाई करके राजधानी दिल्ली में संभावित आतंकी वारदात को नाकाम किया गया है। इस मामले में BNS और Arms Act की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है और आगे की जांच जारी है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से और कितने लोग जुड़े हुए हैं। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार और नशीले पदार्थों की कितनी खेप भारत में भेजी गई और किन-किन राज्यों में इसकी सप्लाई की गई। जांच एजेंसियां आरोपियों के मोबाइल फोन, विदेशी नंबरों और डिजिटल कम्युनिकेशन की विस्तृत जांच कर रही हैं।
दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें अपने आसपास किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस का कहना है कि ऐसी जानकारी बड़े आतंकी नेटवर्क और अपराधियों को पकड़ने में मददगार साबित हो सकती है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel