बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध अशोक धाम यानी इन्द्र दमनेश्वर महादेव मंदिर के पास सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। सावन के सोमवार पर जलाभिषेक और दर्शन के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच अचानक भगदड़ मच गई। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, हादसे में 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 14 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सुबह करीब 6:45 बजे हुआ हादसा
घटना सुबह करीब 6:45 बजे की बताई जा रही है। सावन का सोमवार होने के कारण अशोक धाम में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी। बड़ी संख्या में लोग भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए कतार में खड़े थे। इसी दौरान अचानक अफरा-तफरी मची और देखते ही देखते स्थिति भगदड़ में बदल गई।
भगदड़ के दौरान कई श्रद्धालु जमीन पर गिर गए और पीछे से आ रही भीड़ के कारण एक-दूसरे के ऊपर गिरते चले गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
बिहार के लखीसराय में अशोक धाम मंदिर में आज सावन के सोमवार पर भगदड़ मच गई। इसमें अभी तक करीब 6–7 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई है, कई घायल हैं। बताया जा रहा है कि एक बिजली का खंभा गिर गया। इससे करंट फैलने की अफवाह फैली और श्रद्धालुओं में अफरा तफरी मच गई। pic.twitter.com/INs4wi6ILM
— Sachin Gupta (@Sachingupta) August 17, 2026
कैसे मची भगदड़? प्रशासन ने बताई वजह
जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार और एडीएम नीरज कुमार के मुताबिक, अशोक धाम हाल्ट पर एक ही समय में दोनों तरफ से ट्रेनें आ गई थीं। ट्रेन देखकर कुछ युवकों ने अचानक भागना शुरू कर दिया। इसी भाग-दौड़ के दौरान वहां मौजूद बिजली का एक पोल नीचे गिर गया।
पोल गिरते ही भीड़ में करंट फैलने की अफवाह फैल गई। प्रशासन के अनुसार, उस समय बिजली की आपूर्ति बंद थी और तार भी कवर किया हुआ था। इसके बावजूद करंट की आशंका से श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई और लोग बचने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
इसी अफरा-तफरी में कई श्रद्धालु नीचे गिर गए और भगदड़ ने गंभीर रूप ले लिया।
7 महिला श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल
हादसे में अब तक 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत की जानकारी सामने आई है। वहीं 14 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
लखीसराय के अशोकधाम की घटना अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है।
हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर से मन व्यथित है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।
घायलों के समुचित एवं त्वरित इलाज के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति…
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) August 17, 2026
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जताया दुख
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लखीसराय की घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए प्रशासन को घायलों के समुचित और त्वरित इलाज के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने दिवंगत श्रद्धालुओं की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश
स्थानीय प्रशासन ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि घटनास्थल पर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था कैसी थी तथा किन परिस्थितियों में भगदड़ की स्थिति बनी।
आस्था का प्रमुख केंद्र है अशोक धाम
अशोक धाम मंदिर लखीसराय जिला मुख्यालय से करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित है। इसे इन्द्र दमनेश्वर महादेव मंदिर के नाम से भी जाना जाता है और यह बिहार के प्रमुख शिव धार्मिक स्थलों में शामिल है।
यहां स्थित विशाल शिवलिंग और भव्य मंदिर परिसर श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। मान्यता के अनुसार, वर्ष 1977 में यहां पालकालीन विशाल शिवलिंग मिला था। इसके बाद इस स्थान की धार्मिक पहचान तेजी से बढ़ी। सावन और महाशिवरात्रि जैसे अवसरों पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं।
इस हादसे ने सावन की धार्मिक आस्था के बीच पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel