Skip to content
Thursday, November 5, 2026 Ahmedabad 35°C

पहले भद्रकाली मंदिर में पूजा, फिर तेलंगाना को 6,100 करोड़ की सौगात; मोदी बोले- KCR यानी सबसे भ्रष्ट सरकार

पहले भद्रकाली मंदिर में पूजा, फिर तेलंगाना को 6,100 करोड़ की सौगात; मोदी बोले- KCR यानी सबसे भ्रष्ट सरकार

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को तेलंगाना में लगभग 6,100 करोड़ रुपये की कई महत्वपूर्ण अवसंरचना विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी और कहा कि 21वीं सदी के इस तीसरे दशक के हर पल का पूरा इस्तेमाल करना है, ताकि देश का कोई भी कोना तेज विकास की दौड़ में पीछे न छूटे। इस अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज जब भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बना है, तो उसमें तेलंगाना के लोगों की बड़ी भूमिका है। इससे पहले पीएम मोदी ने यहां के मशहूर भद्रकाली मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की।

“आज का नया भारत, ऊर्जा से भरा हुआ”

तेलंगाना के वारंगल में पीएम मोदी ने कहा, ‘‘आज जब पूरी दुनिया भारत में निवेश के लिए आगे आ रही है, विकसित भारत को लेकर इतना उत्साह है, तब तेलंगाना के सामने अवसर ही अवसर हैं।’’ मोदी ने कहा कि आज हर प्रकार से बुनियादी अवसंरचना के लिए पहले से कई गुना तेजी से काम हो रहा है और पूरे देश में राजमार्गां के साथ ही आर्थिक व औद्योगिक गलियारों का जाल बिछाया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘आज का नया भारत, युवा भारत है और वह ऊर्जा से भरा हुआ है। 21वीं सदी के इस तीसरे दशक में हमारे पास ये स्वर्णिम समय आया है। हमें इस समय के हर सेकेंड का पूरा इस्तेमाल करना है। देश का कोई भी कोना, तेज विकास की किसी भी संभावना से पीछे नहीं रहना चाहिए।’’

“KCR सरकार यानी सबसे भ्रष्ट सरकार”

इस दौरान पीएम ने कहा कि तेलंगाना में जो सरकार है उसने क्या किया? यहां की राज्य सरकार ने सिर्फ 4 काम किए हैं। पहला- सुबह-शाम मोदी और केंद्र सरकार को गाली देने का काम किया है। दूसरा- सिर्फ एक ही परिवार को सत्ता का केंद्र बनाने और खुद को तेलंगाना का मालिक साबित करने का काम किया है। तीसरा इन्होंने तेलंगाना के विकास को चौपट कर दिया। चौथा-इन्होंने तेलंगाना को भ्रष्टाचार में डुबा दिया। KCR सरकार यानी सबसे भ्रष्ट सरकार। उन्होंने कहा कि हम पहले दो देश या दो राज्यों की सरकारों के बीच विकास से जुड़े समझौतों की खबरे सुनते थे। मगर ये पहली बार हुआ है कि दो राजनीतिक दलों और दो राज्य सरकारों के बीच भ्रष्टाचार के डील के आरोप लगे हैं। ये दुर्भाग्य है कि जिस तेलंगाना के लिए जनता ने इतना संघर्ष किया और बलिदान दिया, उस जनता को ऐसे दिन देखने की नौबत आई है।

पीएम मोदी ने प्रसिद्ध भद्रकाली मंदिर में की पूजा

इस कार्यक्रम में शामिल होने से पहले प्रधानमंत्री ने वारंगल के प्रसिद्ध भद्रकाली मंदिर में पूजा-अर्चना की। मोदी की यह इस चुनावी राज्य की इस वर्ष तीसरी यात्रा है। इससे पहले, वह जनवरी और अप्रैल माह में तेलंगाना आए थे। तेलंगाना की राज्यपाल तमिलसाई सुंदरराजन, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय पर्यटन मंत्री और तेलंगाना में भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष जी किशन रेड्डी, भाजपा सांसद बंडी संजय कुमार और अन्य नेता इस अवसर पर उपस्थित थे।

 

Filed under Telangana

Share this story

Latest News

Other States

News from every corner of India.