Skip to content
Thursday, October 29, 2026 Ahmedabad 26°C

नूंह के बाद गुरुग्राम में बिगड़े हालात, अलर्ट पर पुलिस

नूंह के बाद गुरुग्राम में बिगड़े हालात, अलर्ट पर पुलिस

हरियाणा के नूंह और सोहना इलाके में हुई हिंसा के बाद शांति बहाली की कोशिशें की जा रही हैं. मंगलवार को प्रशासन द्वारा यहां पर शांति बैठकें की गईं, जिसका मुख्य मकसद माहौल को शांत करना है. एक तरफ नूंह में माहौल काफी हदतक शांत हुआ है, तो वहीं गुरुग्राम में स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है.

नूंह में मंगलवार को डीसी प्रशांत कुमार, एसपी नरेंद्र सिंह बिजारनिया ने लोगों के साथ मीटिंग की. नूंह के साथ-साथ सोहना में भी हालात काफी हदतक सुधरे हैं, ऐसे में प्रशासन अब बाजार खोलने का फैसला ले सकता है. हालांकि, गुरुग्राम के बादशाहपुर में बाजार अभी बंद ही रहे.

बता दें कि नूंह में सोमवार को विश्व हिन्दू परिषद (VHP) द्वारा निकाली गई यात्रा के बीच विवाद हुआ था और हिंसा भड़क गई थी. इसी हिंसा में इलाके में काफी आगजनी हुई थी, जबकि 5 लोगों की मौत भी हुई थी. नूंह में बवाल हुआ तो आसपास के इलाके भी इसके घेरे में आ गए और सोहना में भी दुकानों, वाहनों में आग लगा दी गई.

गुरुग्राम में ठीक नहीं हालात

नूंह में हुए बवाल की आग गुरुग्राम तक फैली यहां दुकानों में तोड़फोड़ की गई है, जबकि आगजनी की भी बात सामने आई है. सोमवार की रात को गुरुग्राम के सेक्टर 57 में बवाल हुआ था और एक धार्मिक स्थल में आग लगाने की बात सामने आई थी. गुरुग्राम में ही हुए बवाल के बीच एक व्यक्ति की मौत की खबर भी सामने आई थी.

गुरुग्राम में बड़ी संख्या में हाउसिंग कॉम्प्लेक्स हैं, जबकि कई बड़ी और मल्टीनेशनल कंपनियों के दफ्तर भी हैं. ऐसे में इस तरह की हिंसा और माहौल से यहां के लोगों को काफी परेशानी हो रही है. हिंसा के बीच यहां से पलायन की खबरें भी सामने आई थीं, हालांकि प्रशासन ने किसी तरह की अफवाह को मानने से इनकार किया है.

बुधवार को सोहना के स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे, जबकि गुरुग्राम, फरीदाबाद के अन्य इलाकों में इन्हें खोला जा सकता है. राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने हिंसा के बाद अहम बैठक की, उन्होंने इस पूरे बवाल को एक बड़ी साजिश करार दिया और कहा कि किसी भी दंगाई को बख्शा नहीं जाएगा.

Filed under Haryana

Share this story

Latest News

Other States

News from every corner of India.