Skip to content
Wednesday, October 28, 2026

खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत पन्नू के घर पर NIA ने मारा छापा, जब्त की प्रॉपर्टी

खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत पन्नू के घर पर NIA ने मारा छापा, जब्त की प्रॉपर्टी

खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत पन्नू के घर पर NIA ने छापेमारी की है और उसकी प्रॉपर्टी को जब्त कर लिया है। ये छापेमारी चंडीगढ़ के सेक्टर-15 स्थित घर में की गई है। पन्नू का घर वहीं पर है। गौरतलब है कि NIA ने पहले आतंकियों की लिस्ट जारी की थी और अब उनके ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। बता दें कि भारत-कनाडा तनाव के बीच पन्नू ने एक वीडियो जारी करके कनाडा में रह रहे हिंदुओं को देश छोड़ने की धमकी दी थी।

क्या-क्या जब्त किया गया?

भारत में प्रतिबंधित आतंकी संगठन सिख्स फॉर जस्टिस के प्रमुख आतंकी गुरपतवंत पन्नू की तमाम संपत्तियां NIA मोहाली कोर्ट के आदेश पर जब्त कर ली गई हैं। एनआइए ने कोठी के बाहर बोर्ड लगाकर क्लियर कर दिया है कि इस संपत्ति पर अब पन्नू का अब कोई अधिकार नहीं है और ये अब एक सरकारी संपत्ति बन गई है। गौरतलब है कि मोहाली में 2020 में रजिस्टर्ड एक केस में गुरपतवंत पन्नू भगोड़ा है। इस कोठी के एक चौथाई हिस्से को एनआइए कोर्ट के आदेश पर अटैच कर लिया गया था। अब इसे जब्त कर लिया गया है। इसके साथ ही अमृतसर के गांव खानकोट में भी पन्नू की 46 कनाल खेती योग्य जमीन जब्त की गई है।

अमेरिका में रहता है गुरपतवंत

खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत पन्नू इस समय अमेरिका में है और वहीं से वीडियो जारी करके भारतीयों के खिलाफ जहर उगलता है। साल 2020 में भी उसके खिलाफ कार्रवाई की गई थी और उसकी संपत्तियां कुर्क कर ली गई थीं। कनाडा में निज्जर की हत्या के बाद वहां के पीएम ने जब भारतीय एजेंटों की इस मामले में संलिप्तता का बयान दिया, उसके बाद से कनाडा और भारत के बीच तल्खी बढ़ गई। इसी दौरान गुरपतवंत का एक वीडियो सामने आया, जिसमें उसने कनाडा में रहने वाले हिंदुओं को धमकी दी कि वह कनाडा छोड़कर भारत चले जाएं।

Filed under India

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.