Skip to content
Sunday, November 1, 2026 Ahmedabad 32°C

‘घुसाने-निकालने’ पर विदेशों में भी हो रही नीतीश कुमार की थू-थू, अमेरिकी सिंगर बोलीं- यदि मैं भारतीय होती तो बिहार जाकर लड़ती

‘घुसाने-निकालने’ पर विदेशों में भी हो रही नीतीश कुमार की थू-थू, अमेरिकी सिंगर बोलीं- यदि मैं भारतीय होती तो बिहार जाकर लड़ती

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने आपत्तिजनक बयान के लिए माफी माँग ली है। लेकिन इससे जुड़ा विवाद उनका पीछा नहीं छोड़ रहा। देश ही नहीं, विदेश में भी उनकी निंदा हो रही है। अफ्रीकी-अमेरिकी अभिनेत्री और गायिका मैरी मिलबेन (Mary Millben) ने उनका इस्तीफा माँगा है। साथ ही कहा है कि यदि वह भारतीय नागरिक होती तो बिहार जाकर उनके खिलाफ चुनाव लड़तीं।

एक्स/ट्विटर के जरिए अपनी प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए मैरी मिलबेन ने कहा है कि नीतीश कुमार के बयान का सबसे माकूल जवाब यह होगा कि कोई महिला बिहार की मुख्यमंत्री बने। उन्होंने उन्होंने भाजपा से किसी महिला को बिहार में मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने की माँग की है। उल्लेखनीय है कि मिलबेन भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बड़ी प्रशंसक हैं।

मिलबेन ने एक अन्य ट्वीट में कहा है कि पूरी दुनिया में 2024 का चुनावी सीजन आ गया है। प्रधानमंत्री मोदी के प्रति अपने समर्थन और प्रेम का कारण उन्होंने उनका विकास के प्रति समर्पित होना बताया है। साथ ही कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी भारत और उसके नागरिकों के विकास के लिए सबसे अच्छे नेता हैं।

प्रधानमंत्री मोदी को उन्होंने महिला सशक्तिकरण को हमेशा मजबूत करने वाला नेता बताया है। इसके लिए उन्होंने द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति पद पर चुनाव और कैबिनेट में महिलाओं को महत्वपूर्ण पद देने के उदाहरण गिनवाए हैं।

मिलबेन ने कहा है कि बिहार में महिलाओं के मूल्यों को चुनौती दी जा रही है, ऐसे में नीतीश कुमार को सिर्फ एक ही तरीके से जवाब दिया जा सकता है। वह है नीतीश के सामने किसी महिला मुख्यमंत्री को उम्मीदवार बनाना। बिहार के लोगों से भी मिलबेन ने अपील की है कि वह बदलाव के लिए वोट दें और एक महिला को सत्ता में लाएँ। उनके इस बयान को भारत से लेकर अमेरिका तक काफी समर्थन मिल रहा है।

मिलबेन ने जून 2023 के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिका यात्रा के दौरान जन गण मन भी गाया था, उन्होंने उन लोगों की आलोचना भी की थी जो प्रधानमंत्री की इस यात्रा का विरोध कर रहे थे। उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी हमेशा भारत के लोगों की स्वतंत्रता के लिए लड़ेंगे।

गौरतलब है कि 7 नवंबर 2023 में महिलाओं की शिक्षा और जनसंख्या नियंत्रण पर बात करते हुए नीतीश कुमार ने विधानसभा में कहा था, “अगर पढ़ लेगी लड़की, और जब शादी होगा तब लड़का लड़की का तो जो पुरुष है वो तो रोज रात में शदिया होता है उसके साथ करता है ना उसी में और पैदा हो जाता है। लड़की पढ़ लेती है तो हमको मालूम था कि उ करेगा ठीक है! लेकिन अंतिम में भीतर मत घुसाओ उसको बाहर कर दो! करता तो है।”

विधान परिषद में उन्होंने कहा था, “उसी समय लड़की भी जब पढ़ी-लिखी रहती है तो कहती है कि ठीक है, रात में करो लेकिन अपना जो तुमको निकलने लगे तो बाहर निकाल कर फेंक दो। यही कर के लड़की सब अब सबको समझा रही है। ज़रा जान लीजिए। लड़की सब सभी को समझाती है कि अपने पति को कंट्रोल में रखिए।”

उनके इस बयान को ‘सेक्स एजुकेशन’ बताते हुए बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने बचाव किया था। लेकिन विवाद बढ़ने के बाद नीतीश कुमार ने माफी माँग ली थी।

Filed under World Bihar

Share this story

Latest News

Other States

News from every corner of India.