Skip to content
Wednesday, October 28, 2026 Ahmedabad 27°C

CWC की बैठक में कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव का तय किया एजेंडा, जानें क्या बोले खरगे

CWC की बैठक में कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव का तय किया एजेंडा, जानें क्या बोले खरगे

तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव के पराजय के बाद गुरुवार को कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक हुई. यह बैठक इंडिया गठबंधन की 19 दिसंबर को हुई बैठक के दो दिनों के बाद और विपक्षी सांसदों के संसद से निलंबन की पृष्ठभूमि में हुई है. कमेटी की बैठक के साथ ही कांग्रेस लोकसभा चुनाव की तैयारी में पूरी तरह से जुट गई है.

वर्किंग कमेटी की बैठक को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा कि 8वीं लोक सभा के चुनाव हमारे सामने खड़े हैं. इसी संबंध में 19 दिसंबर 2023 को INDIA गठबंधन की चौथी बैठक दिल्ली में हुई. हम कई दिशाओं में आगे बढ़े हैं. हमें समान विचारों वाले साथियों के साथ समन्वय बनाते हुए ज्यादा से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल करनी है.

उन्होंने कहा, “हमने पांच सदस्य वाली एक राष्ट्रीय गठबंधन गठित की है, जो अन्य दलों के साथ गठबंधन की रूप-रेखा तय करेगी.” लोक सभा की तैयारियों के मद्देनजर लगभग 24 राज्यों के साथ समीक्षा बैठक हो चुकी है. हम लोक सभा सीटों पर जल्द ही को-ऑडिनेटर भी नियुक्त करेंगे.”

उन्होंने कहा, “कांग्रेस के 138वें स्थापना दिवस पर 28 दिसंबर को नागपुर में हम विशाल रैली करने जा रहे हैं. वहां से एक नया संदेश जाएगा. रैली ऐतिहासिक होगी, मैं ऐसी कामना करता हूं. खरगे ने कहा, “इसी के साथ पार्टी ने अपनी लड़ाई को और मजबूत करने के लिए एक बार फिर से जनता से उनका योगदान लेने के लिए उनके दरवाजे पर दस्तक दी है और डोनेट फॉर देश क्राउड फंडिंग के प्रोग्राम की शुरुआत की है.”

लोकतंत्र संकट में हैं-बोले खरगे

उन्होंने कहा, ” पूरा देश देख रहा है कि बीजेपी बिना चर्चा-बहस के अहम विधेयकों को मनमाने ढंग से पास कराने के लिए लोकतंत्र का गला घोंट रही है. संसद को सत्ता पक्ष के प्लेटफार्म के रूप में बदलने का षड्यंत्र चल रहा है.”

उन्होंने कहा, “संसद सत्र में विपक्ष ने पूरा सहयोग दिया, पर 13 दिसंबर 2023 को संसद में हुई घटना के बाद विपक्षी सांसद गृह मंत्री का बयान देने और इस मुद्दे पर दोनों सदनों में व्यापक चर्चा की मांग कर रहे थे, जिसे सरकार ने प्रतिष्ठा का सवाल बना लिया.”

खरगे ने कहा, “सबसे बड़ी चुनौती यह है कि जिन पर विपक्षी सांसदों को संरक्षण देने का जिम्मा है, वैसे संवैधानिक पदों पर बैठे लोग खुद दलगत राजनीति का हिस्सा बन जाति, क्षेत्र और व्यवसाय को ढाल बना कर राजनीति कर रहे हैं. वह संविधान के तहत मिले दायित्वों को पूरा करने में विफल रहे हैं. पूरा देश इसे देख रहा है. हमारा 138 सालों का त्याग बलिदान औऱ संयम का इतिहास रहा है. देशभक्ति हमारे खून और डीएनए में है, अंग्रेजों के राज में भी हमारे पुरखों ने डरना और झुकना नहीं सीखा.”

जनता को किया जा रहा है गुमराह

उन्होंने कहा, “हमें संयत और मर्यादित भाषा में सत्य के सहारे उनका जवाब देना होगा. वहीं काम हम सदन में भी कर रहे हैं. हमारी विचारधारा इस बात की इजाजत नहीं देती कि हम उनकी तरह झूठ बोलें, वही काम करें जो आज ये सरकार कर रही है.” खरगे ने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि जनता को न्याय दिलाने के सघंर्ष के साथ हम विजय हासिल करेंगे. हमें उन बुनियादी मुद्दों पर हमेशा गौर करना है जिसको यह सरकार किनारे रखने का हर संभव प्रयास कर रही है.”

उन्होंने कहा,” उन सवालों को हमें नहीं भूलना है, जिन पर आगे की राजनीति प्रभावित होगी, जातिगत जनगणना और महिला आरक्षण अहम मुद्दा रहेगा. हम चाहते है कि महिला आरक्षण तत्काल लागू हो और OBC महिलाओं को आरक्षण के दायरे में लाया जाए.”

खरगे ने कहा, ” ऐसे बहुत से सवालों पर आज हमें मंथन कर आगामी लोक सभा चुनाव के लिए कुछ ठोस रणनीति बनानी होगी. एक और महत्वपूर्ण बात कार्यसमिति के समक्ष रखना चाहता हूं. पिछले कई महीनों से पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता एक स्वर में लगातार एक माँग मेरे सामने रखते है कि राहुल गांधी जी से पूर्व से पश्चिम पूर्व और पश्चिम, भारत जोड़ो यात्रा करने का आग्रह करे. मैं कार्यसमिति में राहुल गांधी के समक्ष यह बात रखता हूं और निर्णय आप सभी पर छोड़ता हूं.”

Filed under India

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.