Skip to content
Saturday, October 31, 2026 Ahmedabad 27°C

लोकसभा चुनाव के कारण NEET-PG की तारीख में बदलाव, अब जून में इस दिन होगी परीक्षा

लोकसभा चुनाव के कारण NEET-PG की तारीख में बदलाव, अब जून में इस दिन होगी परीक्षा

आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने बुधवार को मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-पीजी की तिथि में बदलाव कर दिया। अब यह परीक्षा 23 जून को आयोजित की जाएगी। पहले नीट-पीजी आगामी सात जुलाई का आयोजित की जानी थी। परिणाम की घोषणा 15 जुलाई को की जाएगी और प्रवेश के लिए काउंसलिंग पांच अगस्त से 15 अक्टूबर तक रखी जाएगी।

एनएमसी ने बताया कि यह निर्णय एनएमसी के पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल एजुकेशन बोर्ड (पीजीएमईबी) द्वारा चिकित्सा परामर्श समिति, स्वास्थ्य विज्ञान महानिदेशालय और चिकित्सा विज्ञान के लिए राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड के साथ आयोजित बैठक के बाद लिया गया। एनएमसी ने एक नोटिस जारी कर बताया कि नीट-पीजी 2024 में उपस्थित होने की पात्रता के लिए कट-आफ तिथि में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यह पहले की भांति 15 अगस्त, 2024 रहेगी। नया शैक्षणिक सत्र 16 सितंबर से शुरू होगा।

आइसीएआइ ने भी परीक्षा तिथियों में किया बदलाव

लोकसभा चुनाव के मद्देनजर इंस्टीट्यूट आफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स आफ इंडिया (आइसीएआइ) ने अपनी परीक्षा तिथियों में बदलाव किया है। हालांकि सीए परीक्षा पहले की निर्णय के अनुसार मई माह में ही आयोजित की जाएगी। इसकी तिथि में कोई फेरबदल नहीं किया गया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, ग्रुप-1 के लिए इंटरमीडिएट पाठ्यक्रम परीक्षा तीन, पांच और नौ मई को आयोजित की जाएगी।

इससे पहले इस परीक्षा के लिए तीन, पांच और सात मई को निर्धारित थी। वहीं ग्रुप-2 के लिए इंटरमीडिएट पाठ्यक्रम परीक्षा 11,15 और 17 मई का आयोजित की जाएगी। पहले यह नौ,11 और 13 मई को प्रस्तावित थीं। वहीं फाइनल परीक्षा के लिए आइसीएआइ ने फाइनल परीक्षा के लिए ग्रुप-1 के लिए दो, चार और आठ मई और ग्रुप-2 के लिए 10,14 और 16 मई की तिथि जारी की है।

 

Filed under India Education

Share this story

Latest News

Other States

News from every corner of India.