Skip to content
Tuesday, October 27, 2026 Ahmedabad 33°C

‘मैं दस साल कहीं नहीं…’, रत्नागिरी से बीजेपी उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री नारायण राणे का बड़ा दावा

‘मैं दस साल कहीं नहीं…’, रत्नागिरी से बीजेपी उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री नारायण राणे का बड़ा दावा

केंद्रीय मंत्री नारायण राणे  को बीजेपी ने रत्नागिरी  लोकसभा सीट से टिकट दिया है. राणे का दावा है कि वह इस सीट पर एकतरफा चुनाव जीतेंगे और 3 लाख वोटों के अंतर से अपने प्रतिद्वंद्वी को हराएंगे. बता दें कि महाविकास अघाड़ी की ओर से शिवसेना-यूबीटी के विनायक राउत को प्रत्याशी बनाया गया है. दोनों के बीच यहां मुकाबला देखने को मिलेगा.

नारायण राणे ने अपनी उम्मीदवारी पर कहा, ”मैं पहले से ही राज्यसभा में हूं. केंद्र में मंत्री हूं. मंत्री दोनों हाउस में काम करते हैं. मैं दस साल कहीं नहीं जा रहा हूं. मैं एकतरफा चुनाव जीतने जा रहा हूं. 3 लाख वोटों से चुनाव जीतूंगा.” नारायण राणे से जब पूछा गया कि एनडीए महाराष्ट्र में कितनी सीटें जीतेगी तो उन्होंने दावा किया कि 38-40 सीट एनडीए की झोली में जाएंगे.

रत्नीगिरी में स्थानीय मुद्दे क्या हैं ? इस पर नारायण राणे ने कहा, ”यहां छोटे-छोटे मसले हैं. पानी की समस्या है. बारिश में बाढ़ की स्थिति पैदा हो जाता है. यहां नौकरी की समस्या है. एक साल के अंदर हम उसका समाधान कर देंगे.”

दो बार के सांसद से नारायण राणे का मुकाबला

शिवसेना-यूबीटी नेता विनायक राउत बीते दो चुनाव से यहां से जीतते आ रहे हैं. राउत ने 2014 और 2019 दोनों ही चुनाव में नीलेश राणे को हराया था जो कि 2009 में इस सीट से कांग्रेस के टिकट से निर्वाचित हुए थे. नीलेश राणे, नारायण राणे के बेटे हैं. उन्होंने भी पिता की तरह कांग्रेस छोड़ बीजेपी ज्वाइन कर ली थी. नारायण राणे जहां खुद के 3 लाख वोटों के अंतर से जीतने की बात कर रहे हैं जबकि विनायक राउत ने इसी सीट पर नीलेश राणे को बीते दो चुनावों में 1,50,051 और 1,78,322 मतों के अंतर से हराया था. ऐसे में नारायण राणे को यहां से कड़ी टक्कर मिलने की संभावना है.

 

Filed under Maharashtra

Share this story

Latest News

Explore Districts

News from every corner of Gujarat.