कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने सोमवार को रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) के अध्यक्ष डा. समीर वी. कामत को एक साल का विस्तार दिया है। कामत 31 मई 2025 तक डीआरडीओ का प्रभार संभालेंगे।
एक साल के लिए बढ़ा कार्यकाल
एक आधिकारिक आदेश में कहा गया है कि कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग (डीडीआरएंडडी) सचिव और डीआरडीओ अध्यक्ष के रूप में कामत की सेवा को एक जून 2024 से 31 मई 2025 तक एक साल के लिए या अगले आदेश तक बढ़ाने की मंजूरी दे दी है।
सेना प्रमुख का भी बढ़ा था कार्यकाल
इससे एक दिन पहले 26 मई को मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने थल सेनाध्यक्ष (सीओएएस) जनरल मनोज सी. पांडे, पीवीएसएम, एवीएसएम, वीएसएम, एडीसी को एक महीने का सेवा विस्तार दिया था। जनरल मनोज पांडे 31 मई, 2024 को सेवानिवृत होने वाले थे। उन्हें सेना की नियमावली 1954 के नियम 16 ए (4) के तहत सामान्य आयु से अधिक एक और महीने की अवधि यानी 30 जून, 2024 तक के लिए सेवा विस्तार को मंजूरी दे दी गई।
जनरल पांडे को 30 अप्रैल, 2022 को चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ (सीओएएस) के रूप में नियुक्त किया गया था। उन्हें दिसंबर 1982 में इंजीनियरों की कोर (बॉम्बे सैपर्स) में कमीशन दिया गया था। सीओएएस के रूप में कार्यभार संभालने से पहले वह थलसेना के उप प्रमुख के रूप में कार्य कर चुके थे।