Skip to content
Sunday, November 1, 2026 Ahmedabad 24°C

यमन के हूतियों पर अमेरिका और ब्रिटेन ने किया घातक हमला, एयर स्ट्राइक में कई ठिकाने ध्वस्त

यमन के हूतियों पर अमेरिका और ब्रिटेन ने किया घातक हमला, एयर स्ट्राइक में कई ठिकाने ध्वस्त

लाल सागर और अदन की खाड़ी में वाणिज्यिक जहाजों को लगातार निशाना बना रहे यमन के हूतियों पर अमेरिका और ब्रिटेन की सेना ने तगड़ा पलटवार किया है। अमेरिका और ब्रिटेन की एयरस्ट्राइक में हूतियों के कई ठिकाने ध्वस्त हो गए हैं। लाल सागर में जहाजों पर हाल में हूती विद्रोहियों के हमलों में वृद्धि के जवाब में अमेरिका और ब्रिटेन ने बृहस्पतिवार को यह कार्रवाई की है। दोनों देशों की सेनाओं ने यमन में ईरान समर्थित विद्रोही समूह के 13 ठिकानों पर हमला किया। अमेरिका के तीन अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक, अमेरिका एवं ब्रिटेन के लड़ाकू विमानों और अमेरिकी जहाजों ने कई भूमिगत ठिकानों, मिसाइल दागने वाले स्थलों, हूती विद्रोहियों के कब्जे वाले स्थल, एक हूती जहाज और अन्य ठिकानों को निशाना बनाया। अधिकारी ने नाम नहीं प्रकाशित करने की शर्त पर इस सैन्य अभियान की जानकारी दी। अमेरिका ने यमन के हूती नियंत्रित क्षेत्रों में आठ मानवरहित हवाई यान पर भी हमला किया, जो अमेरिकी और उसकी साथी सेनाओं के लिए खतरा माने जा रहे थे।

जनवरी से 5वीं बार हूतियों पर एयरस्ट्राइक

इस वर्ष 12 जनवरी के बाद से यह पांचवीं बार है जब अमेरिकी और ब्रिटेन की सेनाओं ने हूती विद्रोहियों के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाया है। बहरहाल, अमेरिका विद्रोहियों के ठिकानों को नष्ट करने के लिए लगभग रोजाना हमले कर रहा है, जिसमें जहाजों को निशाना बनाकर दागी जाने वाली मिसाइलों और ड्रोन हमले को रोकना भी शामिल है। हूती विद्रोहियों ने हाल के महीनों में लाल सागर और अदन की खाड़ी में वाणिज्यिक जहाजों पर हमले तेज किये हैं। विद्रोही इजराइल से गाजा में युद्ध की समाप्ति की मांग कर रहे हैं, जिसमें 36 हजार से ज्यादा फलस्तीनी मारे गये हैं।

Filed under World

Share this story

Latest News

Other States

News from every corner of India.