Skip to content
Friday, October 30, 2026 Ahmedabad 32°C

माता-पिता के साथ समय बिताने के लिए असम सरकार देगी दो विशेष छुट्टियां, सरकारी कर्मचारी को मिलेगा लाभ

माता-पिता के साथ समय बिताने के लिए असम सरकार देगी दो विशेष छुट्टियां, सरकारी कर्मचारी को मिलेगा लाभ

असम सरकार ने अपने कर्मचारियों के लिए नवंबर में दो दिन की विशेष आकस्मिक छुट्टी की घोषणा की है। यह छुट्टी कर्मचारियों को इसलिए दी जाती है ताकि वे अपने माता-पिता या सास-ससुर के साथ समय बिता सकें। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

इसमें कहा गया है कि विशेष छुट्टियों का इस्तेमाल निजी मौज-मस्ती के लिए नहीं किया जा सकता है और जिनके माता-पिता या सास-ससुर नहीं हैं, वे छुट्टियों के लिए पात्र नहीं होंगे।

दो दिनों की विशेष आकस्मिक अवकाश की घोषणा

सीएमओ ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘सीएम सरमा के नेतृत्व में असम सरकार ने राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए अपने माता-पिता या सास-ससुर के साथ समय बिताने के लिए 6 और 8 नवंबर, 2024 को विशेष आकस्मिक अवकाश की घोषणा की है।”

‘वृद्ध माता-पिता या सास-ससुर के साथ बिताए समय’

सीएमओ द्वारा एक्स पर किए गए पोस्ट में कहा गया कि छुट्टी का उपयोग ‘केवल वृद्ध माता-पिता या सास-ससुर के साथ समय बिताने, उनका सम्मान करने और उनकी देखभाल करने के लिए किया जाना चाहिए, न कि व्यक्तिगत आनंद के लिए। सीएमओ ने कहा कि छुट्टियों का लाभ 7 नवंबर को छठ पूजा, 9 नवंबर को दूसरे शनिवार की छुट्टी और 10 नवंबर को रविवार की छुट्टी के साथ लिया जा सकता है।

ये कर्मचारी नहीं होंगे इन छुट्टियों के हकदार 

इसमें कहा गया है कि आवश्यक सेवाओं में कार्यरत कर्मचारी चरणबद्ध तरीके से इसका लाभ उठा सकते हैं। पोस्ट में यह भी जानकारी दी गई कि जिनके माता-पिता या सास-ससुर नहीं हैं, वे इसके हकदार नहीं होंगे।

साल 2021 से सरकारी कर्मचारियों को मिल रहे हैं ये अवकाश

बता दें कि सरकारी कर्मचारियों के लिए माता-पिता और सास-ससुर के साथ समय बिताने के लिए दो विशेष आकस्मिक छुट्टियों की घोषणा मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने 2021 में पदभार संभालने के बाद अपने पहले स्वतंत्रता दिवस भाषण में की थी।

Filed under Assam

Share this story

Latest News

Other States

News from every corner of India.