Skip to content
Tuesday, October 27, 2026 Ahmedabad 35°C

दो लड़कों की जोड़ी यूपी को गुमराह कर रही है, CM योगी ने राहुल और अखिलेश पर कसा तंज

दो लड़कों की जोड़ी यूपी को गुमराह कर रही है, CM योगी ने राहुल और अखिलेश पर कसा तंज

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गाज़ियाबाद में एक कार्यक्रम में पहुंचे. कार्यक्रम के मंच पर उन्होंने विपक्षी नेता राहुल गांधी और सपा नेता अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा. सीएम ने राहुल और अखिलेश पर तंज कसते हुए कहा, “दो लड़कों की जोड़ी उत्तर प्रदेश को गुमराह करने के लिए आई है. दोनों ने किसी का भला नहीं किया, सिर्फ लूट की है.” आगे उन्होंने कहा, “इन दोनों ने जनता की शक्ति का दुरुपयोग किया है, जैसे भस्मासुर ने वरदान में मिली शक्ति का दुरुपयोग किया था. कांग्रेस सरकार राम सेतु तोड़ने का काम कर रही थी और अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण में भी बाधा बन रही थी.”

सीएम योगी ने आगे कहा, “कांग्रेस की सरकार में कश्मीर में आतंकवाद पनप रहा था. सपा भी उसी नक्शेकदम पर चल रही थी. उत्तर प्रदेश में सपा शासन में गुंडागर्दी, दंगे और अराजकता चरम पर पहुंच गई थी. सपा सरकार तो माफिया के सामने नाक तक रगड़ती थी. सपा के अंदर औरंगजेब की आत्मा घुस चुकी है और अब यह धर्माचार्यों को माफिया कह रहे हैं.”

गाजियाबाद के मंच पर योगी ने बांटे मोबाइल, टैबलेट

गाज़ियाबाद के रामलीला मैदान में सीएम ने बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं को मोबाइल और टैबलेट बांटे. इसके अलावा मंच पर उन्होंने कुछ लोगों को घर की चाबियां भी सौंपी. योगी ने कहा, “हमारी सरकार में 2 करोड़ युवाओं को स्मार्टफोन और टैबलेट दिए जा रहे हैं. युवा तकनीकी रूप से सक्षम होंगे तो रोजगार के अवसर भी ज्यादा पैदा होंगे. पहले जिस यूपी को देश के विकास में बाधा के रूप में माना जाता था, आज वही यूपी देश की अर्थव्यवस्था में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है.”

डबल इंजन की सरकार सपा के मल्टी मॉडल को ध्वस्त करेगी

योगी ने सपा पर हमला बोलते हुए कहा, “अयोध्या में सपा नेता द्वारा किया गया कृत्य ‘कन्नौज का नवाब ब्रांड’ है. यह सभी सपा की पहचान बन चुके हैं. भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन की सरकार सपा के इस नवाब मल्टी मॉडल को ध्वस्त करने का काम करेगी.” मंच से आदित्यनाथ ने राहुल गांधी, कांग्रेस और सपा पर निशाना साधते हुए कहा, “देश, समाज और लोगों की आस्था की उन्हें कोई चिंता नहीं है. 2017 से पहले की सरकारों में जब कांवड़ यात्रा आरंभ होती थी, तो उसके मार्ग में बैरियर लगाए जाते थे. हमारी सरकार में ये सारे बैरियर हटा दिए गए हैं.”

कांग्रेस-सपा आस्था की चिंता नहीं करती

सपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा, “जब आप किसी गैंग लीडर की कमाई पर हमला करेंगे, तो वह गुस्सा हो जाएगा. आज कांग्रेस और सपा को देश, समाज और युवाओं की आस्था की कोई चिंता नहीं है. दोनों ही को केवल अपने परिवार की चिंता है. सपा और कांग्रेस सिर्फ जातियों में बांटने का काम करती हैं और फिर सरकार में आने के बाद दंगाइयों को लूटपाट करने की छूट देती हैं. जितने भी दरिंदे पकड़े जा रहे हैं, इन सभी के संबंध सपा से ही हैं. समाजवादी पार्टी दरिंदों का एक गैंग बन चुकी है.”

सीएम ने शुरू किया मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना

सीएम ने कहा, “हमारी सरकार में एक नई योजना लाई जा रही है, जिसका नाम ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना’ है. इस योजना के अंतर्गत 10 लाख युवाओं को आने वाले वर्षों में 5 लाख पहले चरण में और दूसरे चरण में 10 लाख रुपए ब्याज मुक्त लोन देने का काम किया जाएगा. इस योजना का लाभ उठाने के लिए सारी औपचारिकताएं खत्म कर दी गई हैं. इसके अलावा, गाजियाबाद में उन्होंने आने वाले वर्षों में दिल्ली के एम्स जैसा अस्पताल देने की भी घोषणा की है.”

 

Filed under Uttar Pradesh

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.