Skip to content
Friday, October 30, 2026 Ahmedabad 28°C

हिंसा प्रभावित मणिपुर पहुंचे अमित शाह; सीएम बीरेन सिंह के साथ की उच्च स्तरीय बैठक, राज्यपाल से भी की मुलाकात

हिंसा प्रभावित मणिपुर पहुंचे अमित शाह; सीएम बीरेन सिंह के साथ की उच्च स्तरीय बैठक, राज्यपाल से भी की मुलाकात

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह और राज्य के मंत्रियों, वरिष्ठ नेताओं और अधिकारियों के साथ एक बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने राज्य में सामान्य स्थिति को बहाल करने के लिए आगे की योजनाओं पर चर्चा की। चार दिवसीय दौरे पर मणिपुर पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने राज्यपाल अनुसुइया उइके से भी मुलाकात की।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पिछले कुछ हफ्तों से जातीय हिंसा से प्रभावित मणिपुर के चार दिवसीय दौरे पर आज इंफाल पहुंचे हैं। राज्य के अपने चार दिवसीय लंबे दौरे के पहले दिन शाह ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला और खुफिया ब्यूरो के प्रमुख तपन डेका सहित अन्य संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में एक बैठक की अध्यक्षता की। मालूम हो कि मणिपुर में एक जून तक रहने के दौरान गृह मंत्री कई दौर की सुरक्षा बैठ की अध्यक्षता करेंगे।

मालूम हो कि मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने रविवार को कहा कि घरों में आगजनी और नागरिकों पर गोलीबारी करने में शामिल लगभग 40 सशस्त्र उग्रवादियों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया है। राज्य सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने दावा किया कि हालिया दौर की झड़प प्रतिद्वंद्वी समुदायों के बीच नहीं बल्कि कुकी उग्रवादियों और सुरक्षाबलों के बीच हुई है।

वहीं, कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने मणिपुर में हुई हिंसा को लेकर भारतीय जनता पार्टी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को मणिपुर में हुई हिंसा के संबंध में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेगा, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शांति की एक भी अपील जारी नहीं करने पर उनकी आलोचना की जाएगी।

Filed under Manipur

Share this story

Latest News

Other States

News from every corner of India.