Skip to content
Sunday, November 1, 2026 Ahmedabad 25°C

पीएम मोदी महाराष्ट्र को देंगे 56 हजार करोड़ की सौगात, मुंबई में आज से दौड़ेगी पहली अंडरग्राउंड मेट्रो

पीएम मोदी महाराष्ट्र को देंगे 56 हजार करोड़ की सौगात, मुंबई में आज से दौड़ेगी पहली अंडरग्राउंड मेट्रो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मुंबई की पहली अंडरग्राउंड मेट्रो का शुभारंभ करेंगे. इसके साथ ही वो महाराष्ट्र को 56000 करोड़ की सौगात देंगे. इस दौरान वो कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इन परियोजनाओं में अंडरग्राउंड मेट्रो लाइन का उद्घाटन सहित कई प्रोजेक्ट शामिल हैं. पीएम मोदी मुंबई मेट्रो लाइन-3 के बीकेसी से आरे जेवीएलआर खंड का उद्घाटन करेंगे.

इसकी लागत करीब 14,120 करोड़ रुपये है. इस खंड पर 10 स्टेशन होंगे, जिनमें से 9 अंडरग्राउंड होंगे. यह परियोजना मुंबई महानगर के लिए महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक है. इसके चालू होने पर रोज करीब 12 लाख यात्री सफर करने की उम्मीद है.

ठाणे मेट्रो का आधारशिला रखेंगे

प्रधानमंत्री आज यानी शनिवार को 12,200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ठाणे इंटीग्रल रिंग मेट्रो का आधारशिला रखेंगे. यह मेट्रो रूट 29 किलोमीटर लंबा होगा और इसमें 20 एलिवेटेड और 2 अंडरग्राउंड स्टेशन होंगे. मुंबई में ही वह छेड़ा नगर से ठाणे तक के आनंद नगर तक एलिवेटेड ईस्टर्न फ्रीवे एक्सटेंशन की भी आधारशिला रखेंगे.

https://twitter.com/Dev_Fadnavis/status/1842421209423647168

इसके अलावा प्रधानमंत्री नवी मुंबई एयरपोर्ट इंफ्लूएंस नोटिफाइड एरिया (एनएआईएनए) परियोजना के चरण-1 की आधारशिला रखेंगे. इस 2,250 करोड़ रुपये की परियोजना में मुख्यतः सड़कें, पुल, फ्लाईओवर, अंडरपास और इंटीग्रेटेड प्रयोग की योजना शामिल है. ठाणे में ही 700 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे नगर निगम के बिल्डिंग का भी आधारशिला रखेंगे.

बंजारा विरासत म्यूजियम का उद्घाटन

पीएम मोदी वाशिम में कृषि और पशुपालन से जुड़ी करीब 23,300 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे. इसके बाद वह बंजारा समुदाय से संबंधित पोहरा देवी मंदिर, संत सेवालाल महाराज और संत रामराव महाराज की समाधि पर जाएंगे और इसके बाद बंजारा विरासत म्यूजियम का उद्घाटन करेंगे.

किसान सम्मान निधि जारी करेंगे

वहीं, पीएम मोदी महाराष्ट्र के वाशिम से पीएम-किसान सम्मान निधि की 18वीं किस्त भी जारी करेंगे. 9.4 करोड़ किसानों के खाते में 20,000 करोड़ रुपये जाएंगे. इसके साथ ही पीएम-किसान के तहत किसानों को जारी की गई कुल धनराशि लगभग 3.45 लाख करोड़ रुपये हो जाएगी. इस आयोजन के दौरान वह नमो शेतकरी महासम्मान निधि योजना की 5वीं किस्त भी जारी करेंगे.

इन परियोजनाओं के अलावा, वह मुख्यमंत्री सौर कृषि वाहिनी योजना 2.0, मवेशियों के लिए यूनिफाइड जीनोमिक चिप और स्वदेशी सेक्स-सॉर्टेड सीमेन तकनीक का भी उद्घाटन करेंगे. साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले ये परियोजनाएं राज्य सरकार के लिए भी काफी महत्वपूर्ण हैं.

Filed under Maharashtra

Share this story

Latest News

Other States

News from every corner of India.