काशी में एक मुस्लिम युवक ने स्वेच्छा से हिन्दू धर्म को अपनाकर घर वापसी की है। धर्म परिवर्तन के बाद भोगाबीर लंका निवासी महमूद आलम पुत्र अब्दुल हाकिम ने अपना नाम गुड्डू लाल रख लिया। युवक ने बताया कि धर्म परिवर्तन कर वह बेहद खुश है। वह पिछले 10 वर्षों से सनातन धर्म स्वीकार करने के लिए इच्छुक था। उसका झुकाव सनातन धर्म में लगातार बढ़ रहा था। उस पर किसी भी तरह का दबाव नहीं था।
गुड्डू लाल ने यह भी बताया कि उन्होंने कानून रूप से सनातन धर्म अपनाया है। घर वापसी के पूर्व सनातन धर्म अपनाने की प्रक्रिया पूरे वैदिक विधि-विधान से मंत्रोच्चार और हवन के साथ सम्पन्न हुई। घर वापसी प्रक्रिया में गीता की सौगंध और अग्नि को साक्षी मानकर महमूद आलम ने सनातन धर्म में वापसी की है। उनके घर वापसी का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। युवक अपने माता-पिता से अलग रह लंका क्षेत्र में दुकान चलाता है।
महमूद ने बताया कि 25 अगस्त 2020 को ही उन्होंने धर्म परिवर्तन कर लिया था। इसको लेकर न्यायालय में अपील और अखबार मे गजट भी कराया था। धर्म परिवर्तन के लिए पहले कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद घर में ही पूजा पाठ किया करता था। आज मेरे दोस्तों ने बीएचयू में घर वापसी का पूजा पाठ करवाया।