Skip to content
Tuesday, October 27, 2026

जेद्दा पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी का एयरपोर्ट पर हुआ स्वागत, क्राउन प्रिंस सलमान से आज करेंगे मुलाकात

जेद्दा पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी का एयरपोर्ट पर हुआ स्वागत, क्राउन प्रिंस सलमान से आज करेंगे मुलाकात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी दो दिवसीय यात्रा पर सऊदी अरब पहुंच गए हैं. पीएम मोदी का जेद्दा एयरपोर्ट पर पहुंचने पर शानदार स्‍वागत किया गया. मोदी की यह यात्रा 40 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली जेद्दा यात्रा है. पीएम मोदी आज ही सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्‍मद बिन सलमान से मुलाकात करेंगे. क्राउन प्रिंस के निमंत्रण पर हो रही इस यात्रा से भारत और सऊदी अरब के बीच रणनीतिक साझेदारी में एक नया अध्याय जुड़ने की उम्मीद की जा रही है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के साथ देश की अपनी यात्रा के दौरान भारत-सऊदी अरब रणनीतिक साझेदारी परिषद की दूसरी बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे. पीएम मोदी के जेद्दा पहुंचने पर उन्‍हें 21 तोपों की सलामी दी गई. वहीं भारतीय समुदाय के लोगों ने मोदी-मोदी के नारे लगाए और गर्मजोशी से स्‍वागत किया.

मित्रता और मजबूत होगी: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सऊदी अरब पहुंचने के बाद एक्‍स पोस्‍ट में कहा कि सऊदी अरब के जेद्दा में पहुंच गया हूं. इस यात्रा से भारत और सऊदी अरब के बीच मित्रता और मजबूत होगी. आज और कल विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए उत्सुक हूं.

सऊदी अरब ने ऐसे दिया सम्‍मान 

सऊदी अरब के एफ-15 लड़ाकू विमानों ने एक विशेष सम्मान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विमान को सुरक्षा प्रदान की. विदेश मंत्रालय ने मोदी के विमान को सुरक्षा प्रदान करते सऊदी जेट विमानों का एक वीडियो भी जारी किया है. इस कदम को दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को मजबूत करने के रूप में देखा जा रहा है.

सऊदी अरब और भारत के बीच होंगे छह समझौते 

भारत और सऊदी अरब मंगलवार को मोदी की जेद्दा यात्रा के दौरान कम से कम छह समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर करेंगे. सूत्रों ने बताया कि मोदी शाम को सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान अल सऊद के साथ अपनी बैठक के दौरान भारतीय तीर्थयात्रियों के लिए हज कोटा सहित संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे. साथ ही दोनों पक्षों द्वारा अंतरिक्ष, ऊर्जा, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं वैज्ञानिक अनुसंधान, संस्कृति और उन्नत प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाने की उम्मीद है.

इसके साथ ही पीएम मोदी बुधवार को प्रधानमंत्री भारतीय श्रमिकों को रोजगार देने वाली एक फैक्टरी का भी दौरा करेंगे.

पीएम मोदी को 2016 में सऊदी अरब का सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिला था.

पीएम मोदी ने बताया सबसे मूल्यवान साझेदारों में से एक

मोदी सऊदी अरब में भारतीय समुदाय के साथ भी बातचीत करेंगे, जो दोनों देशों के बीच जीवंत सेतु का काम करता है और सांस्कृतिक तथा मानवीय संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान देता है. सऊदी अरब में 27 लाख भारतीय रहते हैं और वहां काम करते हैं.

जेद्दा पहुंचने से पहले अरब न्यूज को दिए साक्षात्कार में मोदी ने सऊदी अरब को ‘‘भारत के सबसे मूल्यवान साझेदारों में से एक, समुद्री पड़ोसी, विश्वसनीय मित्र और रणनीतिक सहयोगी” बताया.

उन्होंने कहा, ‘‘हम सऊदी अरब को क्षेत्र में सकारात्मकता और स्थिरता की शक्ति मानते हैं. समुद्री पड़ोसी होने के नाते, भारत और सऊदी अरब क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने में स्वाभाविक रुचि रखते हैं.”

Filed under India World

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.