Skip to content
Friday, October 30, 2026 Ahmedabad 26°C

एयर इंडिया विमान की रूस में इमरजेंसी लैंडिंग: जमीन पर सोते दिखे यात्री, कब सैन फ्रांसिस्को होंगे रवाना?

एयर इंडिया विमान की रूस में इमरजेंसी लैंडिंग: जमीन पर सोते दिखे यात्री, कब सैन फ्रांसिस्को होंगे रवाना?

एयर इंडिया की सैन फ्रांसिस्‍को जाने वाली फ्लाइट की रूस में इमरजैंसी लैंडिंग होने के बाद से तनाव पैदा हो गया है। 6 जून को इंजन में तकनीकी खराबी के कारण दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट एआई173 को डायवर्ट कर रूस के मगदान में लैंड किया गया था। अमेरिका भी इस स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हए है।

अब इस मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें विमान के सभी यात्री जमीन पर सोते हुए नजर आ रहे है। हालांकि, एयर इंडिया ने अपनी तरफ से एक बयान जारी कर कहा था कि प्लेन की लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को पूरी सुविधा प्रदान की जा रही है। इसके साथ ही यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद भी जताया था।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में कुछ और ही देखने को मिल रहा है। इमरजेंसी लैंडिंग के बाद जो यात्री सैन फ्रांसिस्को जा रहे थे उन्‍हें रूस की राजधानी मॉस्को से 10,000 किमी से अधिक दूर मगदान में एक डॉर्मिटरी में रखा जा रहा है, क्योंकि मगदान में एयर इंडिया बोइंग 777-200 के 232 यात्रियों और क्रू की क्षमता वाला होटल नहीं है।

ट्विटर पर शेयर किए गए इस वीडियो में शख्स ने दावा किया है कि विमान में यात्रा करने वाले ज्यादातर बुजुर्ग यात्री है और 6 घंटे तक प्लेन में ही बैठे रहे। लगभग 18 घंटे हो गए है, लेकिन एयर इंडिया की तरफ से कोई अपडेट नहीं आई है।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने आज एक बयान जारी कर कहा कि वह इस मामले पर करीबी से नजर रख रहा है। मगदान में फंसे यात्रियों को सैन फ्रांसिस्को ले जाने के लिए एक राहत विमान आज दोपहर 1 बजे मुंबई से रवाना होगा।

मंत्रालय के एक बयान में कहा कि उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया स्थिति पर करीब से नजर रख रहे हैं। हम एयरलाइन के संपर्क में हैं। एयर इंडिया एक राहत विमान भेज रही है। वीटी-एएलएफ विमान मगदान से यात्रियों को सैन फ्रांसिस्को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक ले जाएगा। एयर इंडिया के विमान में 216 यात्री और चालक दल के 16 सदस्य सवार थे।

अमेरिका ने कहा कि सैन फ्रांसिस्को जा रहे एयर इंडिया के एक विमान के रूस में आपात स्थिति में उतरने के बाद वह स्थिति पर करीब से नजर रख रहा है।

अमेरिकी विदेश विभाग के उप प्रवक्ता वेदांत पटेल ने कहा, ‘हम अमेरिका आ रहे एक विमान के बारे में जानते हैं, जिसे रूस में आपात स्थिति में लैंड करना पड़ा। इस स्थिति पर हम करीब से नजर रख रहे हैं। मैं यह बताने में सक्षम नहीं हूं कि इस समय उड़ान में कितने अमेरिकी नागरिक सवार थे।’ बताया जा रहा है कि विमान में एक अमेरिकी यात्री भी है मगर इसकी अभी तक पुष्टि नहीं हो सकी है।

 

Filed under India

Share this story

Latest News

Other States

News from every corner of India.