रिंकू सिंह समेत सात अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को मिली राजपत्रित अधिकारी की नियुक्ति
योगी आदित्यनाथ सरकार ने उत्तर प्रदेश के उन खिलाड़ियों को बड़ा सम्मान दिया है, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। वादे के अनुसार, सरकार ने क्रिकेटर रिंकू सिंह सहित छह अन्य अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को राजपत्रित अधिकारी नियुक्त किया है। ये नियुक्तियां ‘अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता सीधी भर्ती नियमावली 2022’ के तहत की गई हैं। नियुक्ति की प्रक्रिया मुख्य सचिव की अध्यक्षता में बनी चयन समिति की संस्तुति के बाद पूरी की गई।
क्रिकेटर रिंकू सिंह को बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) के पद पर नियुक्त किया गया है। अलीगढ़ के साधारण परिवार से आने वाले रिंकू सिंह ने क्रिकेट में संघर्षों के बाद बड़ा मुकाम हासिल किया है। IPL 2025 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें 13 करोड़ रुपये में खरीदा था। उन्होंने भारत के लिए टी-20 और वनडे अंतरराष्ट्रीय मैचों में भी शानदार प्रदर्शन किया है।

इसके अलावा, पेरिस पैरालंपिक में ऊंची कूद में स्वर्ण पदक जीतने वाले प्रवीण कुमार को पुलिस उप अधीक्षक (DSP) बनाया गया है। वहीं, पेरिस ओलंपिक 2024 में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के सदस्य गाजीपुर के राजकुमार पाल को भी DSP पद की जिम्मेदारी दी गई है।
इटावा के पैरा एथलीट अजीत सिंह, जिन्होंने भाला फेंक एफ-46 श्रेणी में रजत पदक जीता था, और गाजियाबाद की दृष्टिबाधित धाविका सिमरन शर्मा, जिन्होंने 200 मीटर रेस में कांस्य पदक जीता, दोनों को जिला पंचायत राज अधिकारी नियुक्त किया गया है। मुजफ्फरनगर की प्रीति पाल, जिन्होंने पैरा ओलंपिक 2024 में दो कांस्य पदक जीते थे, को खंड विकास अधिकारी (BDO) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, हापुड़ की शॉटपुट खिलाड़ी किरण बालियान को क्षेत्रीय वन अधिकारी नियुक्त किया गया है। किरण ने एशियन गेम्स 2023 में 17.36 मीटर दूरी तय कर देश को महिला शॉटपुट में पहला पदक दिलाया था।
इन नियुक्तियों के माध्यम से योगी सरकार ने न केवल खिलाड़ियों की मेहनत का सम्मान किया है, बल्कि प्रदेश के युवाओं को प्रेरणा भी दी है कि प्रतिभा, संघर्ष और समर्पण से हर मुकाम पाया जा सकता है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel