किसानों की सहायता के लिए केंद्र सरकार ने एक बड़ी डिजिटल पहल के तहत ‘किसान-ई-मित्र’ चैटबॉट लॉन्च किया है, जो अब कृषि मंडी रेट, मौसम की जानकारी, पीएम किसान सम्मान निधि और ई-केवाईसी जैसे सवालों के जवाब किसानों को उनकी भाषा में सीधे व्हाट्सएप पर उपलब्ध कराता है। इसके लिए किसानों को अपने मोबाइल में व्हाट्सएप पर 99915 22222 नंबर सेव करना होगा और वहां सवाल भेजना होगा। चैटबॉट न सिर्फ सटीक और तुरंत जवाब देता है, बल्कि सवालों के आधार पर उचित सुझाव भी देता है। खास बात यह है कि यह वॉयस और टेक्स्ट दोनों तरीकों से काम करता है, जिससे कम पढ़े-लिखे किसान भी इसका लाभ उठा सकते हैं।
इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय द्वारा विकसित यह चैटबॉट हिंदी, मराठी, तमिल, बंगाली सहित कुल 11 भाषाओं में काम करता है और अब तक 10 लाख से ज्यादा सवालों के जवाब दे चुका है, जबकि यह हर दिन करीब 25,000 प्रश्नों का उत्तर दे रहा है। एआई आधारित यह सेवा भाषा और वर्तनी की गलतियों को भी समझकर जवाब देती है, जिससे किसानों को तकनीकी बाधा महसूस नहीं होती। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसे एआई की मदद से किसानों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने वाली एक क्रांतिकारी पहल बताया है।
यह सेवा विशेष रूप से उन किसानों के लिए उपयोगी है जो पीएम किसान योजना के तहत लाभ लेना चाहते हैं, लेकिन दस्तावेजों में गड़बड़ी, ई-केवाईसी न होने या बैंक खाते से आधार लिंक न होने के कारण राशि से वंचित रह जाते हैं। अब ऐसे मामलों में ‘किसान-ई-मित्र’ उनका डिजिटल सलाहकार बनकर समाधान बताएगा और किस्त समय से पाने में मदद करेगा। किसानों के लिए यह एक 24×7 डिजिटल साथी बन गया है, जो उनकी अन्नदाता की भूमिका को और सशक्त करता है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel