बिहार की राजधानी पटना में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां आईसीआईसीआई लोम्बार्ड बैंक के ब्रांच मैनेजर अभिषेक वरुण का शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक कुएं से बरामद हुआ है। मृतक कंकड़बाग इलाके के निवासी थे और शनिवार रात अपने परिवार के साथ रामकृष्ण नगर स्थित एक पार्टी में शामिल हुए थे। रात करीब 10 बजे उन्होंने अपनी पत्नी और बच्चों को घर भेज दिया और खुद पार्टी में रुक गए। रात 1 बजे उन्होंने अपनी पत्नी को फोन कर बताया कि उनका एक्सीडेंट हो गया है, जिसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया। परिजनों ने पूरी रात उन्हें ढूंढने की कोशिश की और कई अस्पतालों में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अंततः रविवार सुबह बेउर जेल इलाके में उनका शव एक कुएं से संदिग्ध स्थिति में मिला, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पहले कंकड़बाग थाना में गुमशुदगी की एफआईआर संख्या 642/25 के तहत मामला दर्ज हुआ था, लेकिन अब शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है और मामले के हर पहलू की गंभीरता से छानबीन की जा रही है। स्थानीय लोगों और परिवारजनों में गहरा आक्रोश है और वे इस रहस्यमय मौत को लेकर प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।