रक्षाबंधन के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्रदेश की माताओं और बहनों को एक खास तोहफा दिया है। हर साल की तरह इस बार भी रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं के लिए यूपी रोडवेज की बसों में तीन दिन तक मुफ्त यात्रा की सुविधा प्रदान की गई है। यह विशेष सुविधा 8 अगस्त 2025 को सुबह 6 बजे से शुरू होगी और 10 अगस्त की रात 12 बजे तक लागू रहेगी। इस अवधि के दौरान महिलाएं उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की सभी बसों के साथ-साथ नगरीय बस सेवा की बसों में भी नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगी।
योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, रक्षाबंधन के त्योहार पर महिलाओं की यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए पर्याप्त संख्या में बसों का संचालन किया जाएगा। नगरीय क्षेत्रों में ट्रैफिक व्यवस्था को बनाए रखने के लिए विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि कहीं भी जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। इसके अलावा, राज्य मार्गों और अन्य प्रमुख सड़कों पर पेट्रोलिंग भी बढ़ाई जाएगी ताकि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
इस संबंध में मुख्यमंत्री कार्यालय के आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल @myogioffice से भी एक पोस्ट साझा की गई, जिसमें कहा गया, “रक्षा बंधन के अवसर पर आगामी 8 अगस्त की सुबह 6 बजे से 10 अगस्त की रात्रि 12 बजे तक UPSRTC की बसों व नगरीय बस सेवा की बसों में माताओं-बहनों हेतु निःशुल्क यात्रा की व्यवस्था रहेगी। नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त मात्रा में बसें चलाई जाएं। नगरीय क्षेत्रों में कहीं भी जाम की स्थिति न होने पाए। राज्य मार्गों व अन्य मार्गों में पेट्रोलिंग की जाए: मुख्यमंत्री।”
रक्षा बंधन के अवसर पर आगामी 8 अगस्त की सुबह 6 बजे से 10 अगस्त की रात्रि 12 बजे तक UPSRTC की बसों व नगरीय बस सेवा की बसों में माताओं-बहनों हेतु निःशुल्क यात्रा की व्यवस्था रहेगी।
नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त मात्रा में बसें चलाई जाएं। नगरीय क्षेत्रों में कहीं भी जाम की…
— Yogi Adityanath Office (@myogioffice) August 3, 2025
गौरतलब है कि रक्षाबंधन हिन्दू धर्म में भाई-बहन के प्रेम और सुरक्षा के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है। इस वर्ष रक्षाबंधन का पर्व 9 अगस्त 2025 को मनाया जाएगा। इस दिन बहनें अपने भाई की कलाई पर राखी बांधती हैं और भाई उनकी रक्षा करने का संकल्प लेते हैं। योगी सरकार की यह पहल न केवल महिलाओं की सुविधा के लिए है, बल्कि यह उनके सम्मान और सुरक्षा की दिशा में भी एक अहम कदम है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel