मुंबई/नई दिल्ली: अनिल अंबानी को आज सुबह 11 बजे प्रवर्तन निदेशालय (ED) के सामने पेश होना है। यह पूछताछ 17,000 करोड़ रुपये के बैंक लोन फ्रॉड मामले में की जा रही है, जिसमें उनकी कई कंपनियों पर फर्जी बैंक गारंटी, शेल कंपनियों के ज़रिए फंड ट्रांसफर, और लोन की गलत मंजूरी जैसे गंभीर आरोप हैं। इससे पहले ईडी ने इस मामले में 35 से अधिक ठिकानों, 50 कंपनियों और 25 से ज्यादा लोगों के यहां 3 दिन तक छापेमारी की थी, जिसमें बड़ी संख्या में दस्तावेज़ और डिजिटल सबूत बरामद हुए। जांच में सामने आया कि 2017 से 2019 के बीच YES BANK से अनिल अंबानी ग्रुप की कंपनियों को करीब 3,000 करोड़ रुपये के लोन दिए गए, जिनमें से कई मामलों में लोन मंजूर होने से पहले ही पैसा ट्रांसफर कर दिया गया था। कई कंपनियों के कागजात बाद में तैयार किए गए और कुछ लोन उसी दिन मंजूर और जारी हुए, जिस दिन आवेदन किया गया था। ईडी ने यह भी पाया कि लोन की रकम को ग्रुप की दूसरी कंपनियों और शेल कंपनियों में ट्रांसफर किया गया, जबकि कई कंपनियों के पते, डायरेक्टर और दस्तावेज़ मेल नहीं खाते थे। यहां तक कि फर्जी बैंक गारंटी का भी इस्तेमाल किया गया। जांच में सामने आया कि उड़ीसा की Biswal Tradelink Pvt. Ltd ने अनिल अंबानी की तीन कंपनियों को 68 करोड़ रुपये की फर्जी गारंटी दी थी, जिसके डायरेक्टर पार्थ सारथी बिस्वाल को ईडी ने गिरफ्तार कर लिया है।
#WATCH मुंबई: अनिल अंबानी अपने आवास से दिल्ली के लिए रवाना हुए।
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कथित 17,000 करोड़ रुपये के ऋण धोखाधड़ी मामले की चल रही जांच के तहत अनिल अंबानी को पूछताछ के लिए तलब किया है। उन्हें आज दिल्ली स्थित ED मुख्यालय में पेश होने का निर्देश दिया गया है। pic.twitter.com/b1kxbgh2A7
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 5, 2025
इसके अलावा, अनिल अंबानी के खिलाफ रिलायंस कम्युनिकेशंस में भी 14,000 करोड़ रुपये से ज्यादा के लोन फ्रॉड का मामला है, जिसे स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने फ्रॉड कैटेगरी में डाल दिया है और CBI में केस दर्ज करने की तैयारी चल रही है। ईडी ने उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर भी जारी किया है ताकि वह देश छोड़कर न भाग सकें। सूत्रों के अनुसार, उनकी कंपनियों के विदेशों में बैंक अकाउंट्स और प्रॉपर्टी की जांच शुरू हो चुकी है। साथ ही, 6 टॉप एक्जीक्यूटिव्स को पूछताछ के लिए समन भेजे गए हैं और 35 बैंकों को नोटिस जारी कर पूछा गया है कि लोन NPA में बदलने पर समय पर जानकारी क्यों नहीं दी गई।
#WATCH प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा कथित 17,000 करोड़ रुपये के ऋण धोखाधड़ी मामले की चल रही जांच के तहत पूछताछ के लिए अनिल अंबानी को तलब किए जाने के बाद वे दिल्ली पहुंच गए हैं। उन्हें आज दिल्ली स्थित ED मुख्यालय में पेश होने का निर्देश दिया गया है। pic.twitter.com/YbjZCINenN
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 5, 2025
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel