मथुरा पुलिस ने निकाह और शादी के नाम पर ठगी करने वाली एक ‘प्रोफेशनल फ्रॉड दुल्हन’ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपित का नाम गुलबसा है। उसने अब तक तीन मुस्लिम युवकों से निकाह किया, उसके बाद चौथे व्यक्ति जावेद के साथ लिव-इन रिलेशन में रहने लगी और फिर पहचान बदलकर हिंदू युवक से शादी कर ली। शादी के कुछ ही दिनों बाद वह फरार हो गई। इस पूरे मामले में उसका साथी जावेद भी गिरफ्तार हुआ है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मामला माँट थाना क्षेत्र के ढकू गाँव का है। यहाँ रहने वाले वीरेंद्र नामक युवक की शादी नहीं हो रही थी। गाँव की दो महिलाओं ने उसके परिवार को गुलबसा से शादी कराने का प्रस्ताव दिया और बदले में दो लाख रुपये की माँग की। तय रकम चुकाने के बाद शादी संपन्न हुई और दुल्हन को घर लाया गया।
शुरुआत के दो दिन सबकुछ सामान्य रहा, लेकिन सुहागरात के बाद दुल्हन अचानक घर से गायब हो गई। जब तलाश शुरू हुई तो वह जावेद के साथ मिली। पुलिस ने दोनों को पकड़कर पूछताछ की तो पूरा मामला सामने आ गया। जांच में पता चला कि गुलबसा ने पहले तीन मुस्लिम युवकों से निकाह किया था और उसके बाद जावेद के साथ लिव-इन में रह रही थी। दोनों ने मिलकर वीरेंद्र से ठगी की साजिश रची और शादी के बहाने पैसे ऐंठे।
पुलिस ने गुलबसा और जावेद के पास से नकदी और जेवर बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह में और भी लोग शामिल हो सकते हैं। फिलहाल, दोनों से पूछताछ जारी है और अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel