देहरादून से एक बड़ी खबर आई है कि उत्तराखंड की चारधाम यात्रा एक बार फिर से शुरू हो गई है। यात्रा पर लगी अस्थायी रोक को आज से हटा दिया गया है। इस फैसले से श्रद्धालुओं में उत्साह और खुशी की लहर देखने को मिल रही है। हालांकि, फिलहाल केवल दो धामों — बद्रीनाथ और केदारनाथ — के लिए ही यात्रा को दोबारा शुरू किया गया है। दरअसल, खराब मौसम और लगातार बारिश के कारण 1 सितंबर से 5 सितंबर तक यात्रा को स्थगित कर दिया गया था।
ऋषिकेश में प्रशासन द्वारा जैसे ही यात्रा शुरू करने का आदेश जारी किया गया, रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया भी फिर से शुरू हो गई। अब तक 200 से अधिक यात्री यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं। कई श्रद्धालु पिछले पाँच दिनों से ऋषिकेश में यात्रा शुरू होने का इंतजार कर रहे थे। रोक हटते ही उन्होंने तुरंत रजिस्ट्रेशन करवाया और बाबा बद्रीनाथ व केदारनाथ के दर्शन के लिए रवाना हो गए।
उत्तराखंड: खराब मौसम और लगातार बारिश के कारण 1 से 5 सितंबर तक रोकी गई चारधाम यात्रा का पंजीकरण और संचालन आज से फिर से शुरू किया जा रहा है। pic.twitter.com/kBKahhGblO
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 6, 2025
भारी बारिश और लैंडस्लाइड की वजह से राज्य सरकार को यात्रा रोकने का कठिन निर्णय लेना पड़ा था। गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय ने बताया था कि बारिश के कारण जगह-जगह भूस्खलन हो रहा है और मलबा आने से मार्ग बाधित हो रहे हैं। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा को 5 सितंबर तक के लिए स्थगित किया गया था।
उन्होंने यात्रियों से अपील की थी कि खराब मौसम में यात्रा मार्गों पर न निकलें और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें। अब मौसम सुधरने और रास्ते अपेक्षाकृत सुरक्षित होने के बाद यात्रा को फिर से शुरू कर दिया गया है। इससे श्रद्धालुओं में एक बार फिर आस्था और श्रद्धा के साथ यात्रा पूरी करने का उत्साह दिखाई दे रहा है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel