गणपति विसर्जन से ठीक पहले मुंबई पुलिस के व्हाट्सएप नंबर पर धमकी भरा संदेश भेजकर हड़कंप मचाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह गिरफ्तारी उत्तर प्रदेश के नोएडा से हुई। आरोपी की पहचान अश्विनी नामक व्यक्ति के रूप में हुई है। उसके खिलाफ कार्रवाई मुंबई पुलिस की सूचना पर की गई। धमकी भरे मैसेज में दावा किया गया था कि 14 आतंकी 400 किलो आरडीएक्स के साथ मुंबई पहुंचे हैं और बड़े धमाके की योजना बना रहे हैं, जिसमें करोड़ों लोगों की जान जा सकती है।
नाम: अश्वनी कुमार सुप्रा
कांड: 400kG RDX से 34 जगह बम धमाकों की धमकी देना!
गिरफ्तारी: नोएडा से मुंबई पुलिस द्वारा
इसने फिरोज नाम से मुंबई ट्रैफिक पुलिस को बम धमाकों का धमकी भरा संदेश भेजा था! ये चाहता था फिरोज जेल चला जाए !
अगर कहीं चित्रा त्रिपाठी,अंजना ओम कश्यप,रुबिका… pic.twitter.com/A0tyooAZf1
— ShivRaj Yadav (@shivaydv_) September 6, 2025
सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में मुंबई पुलिस के ज्वाइंट सीपी (क्राइम) ने नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह से संपर्क किया। इसके बाद स्वॉट टीम को सक्रिय किया गया और आरोपी की तलाश शुरू हुई। अश्विनी ने धमकी का मैसेज भेजने के बाद अपना फोन नंबर बंद कर दिया था, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल हो गया। तकनीकी सर्विलांस, लोकल इंटेलिजेंस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने उसकी पहचान की और नोएडा के सेक्टर 79 की एक सोसाइटी से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उस व्यक्ति को भी पकड़ा है, जिसका सिम कार्ड अश्विनी इस्तेमाल कर रहा था।
जानकारी के मुताबिक, अश्विनी की उम्र 50 साल है और वह मूल रूप से पटना का रहने वाला है। फिलहाल वह नोएडा के थाना 113 क्षेत्र के सेक्टर 79 में रहता है और वास्तु व ज्योतिष का काम करता है। वह अपनी पत्नी से अलग रहता है। उसकी गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभाने वाली स्वॉट टीम को पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने 25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
इस धमकी के बाद मुंबई पुलिस पूरी तरह अलर्ट हो गई। खासकर इसलिए क्योंकि धमकी का मैसेज गणपति विसर्जन से ठीक पहले आया था, जब शहर में लाखों की भीड़ जुटती है। सुरक्षा के लिए 18,000 पुलिसकर्मियों, 12 एडिशनल कमिश्नर, 40 डीसीपी और 3,000 अधिकारियों को तैनात किया गया है। 50 ड्रोन और 10,000 सीसीटीवी कैमरों की मदद से एआई आधारित निगरानी की जा रही है।
इसके अलावा महाराष्ट्र एसआरपीएफ की 14 कंपनियां, सीएपीएफ की 4 कंपनियां और बम निरोधक दस्ते भी तैनात किए गए हैं। चौबीसों घंटे कंट्रोल रूम से हालात की मॉनिटरिंग हो रही है, जबकि 400 से ज्यादा पेट्रोलिंग वाहन शहर में गश्त कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि तमाम एहतियाती इंतजामों के चलते गणपति विसर्जन शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न होगा।