उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सहारनपुर से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए बड़ी राहत पहल की। उन्होंने 48 ट्रकों में भरे राहत सामग्री को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन ट्रकों में 19 हजार राहत किट भेजी गईं, जिनमें बाढ़ पीड़ितों की आवश्यक जरूरतों का सामान शामिल था। इसके साथ ही सीएम योगी ने हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड को 5-5 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार हर समय पड़ोसी राज्यों की मदद के लिए तैयार है और यह पहल “श्रेष्ठ भारत” की भावना को आगे बढ़ाने का काम करेगी।
सीएम योगी ने बताया कि यूपी में भी बाढ़ का खतरा हर साल एक बड़ी चुनौती रहा है। हालांकि इस बार जलभराव सीमित क्षेत्रों तक ही रहा, जैसे सहारनपुर, बागपत, गौतमबुद्धनगर और यमुना किनारे के कुछ अन्य जिले। गंगा के किनारे बसे बिजनौर से लेकर बलिया तक के जिलों में सरकार ने पहले से पुख्ता इंतजाम किए। उन्होंने कहा कि बाणगंगा और हिंडन नदियों के उफान के बाद प्रभावित लोगों तक तुरंत राहत सामग्री पहुंचाई गई।
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी की 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' की अवधारणा के अनुरूप संकट की घड़ी में हम सब एकजुट होकर साथ खड़े हैं।
उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता की ओर से पंजाब, हिमाचल प्रदेश एवं उत्तराखण्ड राज्य के बाढ़ पीड़ितों हेतु राहत सामग्री के वाहनों को माँ… pic.twitter.com/B1ReKn7qmn
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) September 8, 2025
मुख्यमंत्री ने किसानों और बाढ़ पीड़ित परिवारों के लिए विशेष योजनाओं का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि जिन किसानों की फसल बाढ़ में नष्ट हुई है, उनका सर्वेक्षण शुरू हो गया है और जल्द ही मुआवजा दिया जाएगा। वहीं, बारिश के मौसम में सांप या अन्य जानवरों के काटने से मृत्यु होने पर परिवार को 4 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। आपदा से नष्ट हुए घरों के पुनर्निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी और नदी कटाव से प्रभावित परिवारों को नए घरों के लिए जमीन के पट्टे और वित्तीय मदद दी जाएगी।
इसके साथ ही सरकार ने बाढ़ प्रभावित गांवों में भोजन, बच्चों के लिए दूध, पशुओं के लिए चारा और राहत शिविरों तक सुरक्षित परिवहन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की है। सीएम योगी ने जनता से सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि घर के आसपास जमा पानी से डायरिया और अन्य बीमारियां फैल सकती हैं, इसलिए पीने के लिए हमेशा उबला हुआ पानी ही इस्तेमाल करें।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel