प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अपने गृह राज्य गुजरात के भावनगर पहुँचे। इस दौरान उन्होंने एयरपोर्ट से लेकर गांधी मैदान तक करीब एक किलोमीटर लंबा रोड शो किया। रास्ते में हजारों लोग मौजूद थे, जिन्होंने उनका जोरदार स्वागत किया। पीएम मोदी ने सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। जगह-जगह नृत्य मंडलियों के मंच बनाए गए थे, जहाँ सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। सड़क किनारे लगे पोस्टरों में उन्हें ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और जीएसटी सुधारों के लिए धन्यवाद दिया गया था।
रोड शो के बीच एक खास पल कैमरे में कैद हुआ। भीड़ में शामिल एक छोटे बच्चे ने पीएम मोदी को देखते ही उन्हें सैल्यूट किया। बच्चे की इस मासूमियत ने प्रधानमंत्री का ध्यान खींचा। उन्होंने तुरंत उस नन्हे बालक को सैल्यूट कर जवाब दिया। यह दृश्य सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है और लोगों के बीच भावनात्मक चर्चा का विषय बना हुआ है।
#WATCH | Bhavnagar, Gujarat | PM Narendra Modi responds with a salute to a child who was saluting him during the roadshow in Bhavnagar pic.twitter.com/b64ZW8mHZ9
— ANI (@ANI) September 20, 2025
भावनगर में आयोजित जनसभा के दौरान पीएम मोदी ने 34,200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। अपने संबोधन में उन्होंने आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए कहा कि भारत का सबसे बड़ा दुश्मन दूसरे देशों पर निर्भरता है। उन्होंने कहा कि भारत की सभी समस्याओं का समाधान आत्मनिर्भरता में है।
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि लाइसेंस राज जैसी पाबंदियों ने भारत के प्रतिभाशाली लोगों के हौसले तोड़ दिए। उन्होंने बताया कि 50 साल पहले भारत का 40 प्रतिशत व्यापार भारत में निर्मित जहाजों से होता था, लेकिन अब यह घटकर सिर्फ पाँच प्रतिशत रह गया है। हर साल भारत विदेशी कंपनियों को छह लाख करोड़ रुपये चुकाता है, जो हमारे रक्षा बजट के लगभग बराबर है।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि चाहे चिप (सेमीकंडक्टर) हों या शिप, हमें इन्हें भारत में ही बनाना होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत के बंदरगाह देश के उदय की रीढ़ हैं और इन्हीं के जरिए भारत एक वैश्विक समुद्री शक्ति के रूप में उभर सकता है।